गदरपुर में धर्म परिवर्तन के आरोप पर तनावपूर्ण हुआ माहौल
गदरपुर के रामजीवनपुर नंबर-3 स्थित चर्च में प्रार्थना सभा के दौरान धर्म परिवर्तन के आरोप से माहौल तनावपूर्ण हो गया। सैनी समाज ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्यक्रम रोकने की मांग की। मसीही समाज ने आरोप को नकारते हुए इसे अनुचित बताया। एसडीएम ने आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया।

गदरपुर, संवाददाता। रामजीवनपुर नंबर-3 स्थित एक स्थानीय चर्च में रविवार को नियमित प्रार्थना सभा के दौरान धर्म परिवर्तन के आरोप को लेकर अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया। सैनी समाज के कुछ लोगों ने यह आरोप लगाते हुए एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद एसडीएम ने तत्काल कानूनगो को गांव भेजकर प्रार्थना कार्यक्रम रुकवाया। रविवार को शिकायत मिलते ही एसडीएम ने मामले की जांच के लिए तत्काल कानूगो विनोद कुमार को गांव स्थित चर्च भेजा। टीम के पहुंचते ही वहां चल रहा प्रार्थना कार्यक्रम रोक दिया गया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर कार्यक्रम से संबंधित जानकारी जुटाई। इस दौरान चर्च परिसर के बाहर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए, जिससे कुछ समय के लिए हल्का तनाव भी बना रहा।
वहीं मसीही समाज ने आरोप को सिरे से नकारते हुए कहा कि चर्च में केवल प्रार्थना और आध्यात्मिक सभा चल रही थी, जिसे बिना किसी ठोस आधार के बाधित किया गया। समाज के लोगों ने इस कार्रवाई को अनुचित बताते हुए रोष व्यक्त किया और कहा कि उनकी शांतिपूर्ण धार्मिक गतिविधियों को गलत तरीके से विवाद का रूप दिया गया। वहीं सुरेंद्र सागर ने बताया कि मसीह और सैनी परिवार के बीच पैसे के लेनदेन का विवाद था, जिसके चलते यह स्थिति उत्पन्न हुई। एसडीएम ऋचा सिंह ने कहा कि टीम की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और किसी भी समुदाय की धार्मिक स्वतंत्रता का उल्लंघन नहीं होने दिया जाएगा। मौके पर अरविंद सैनी, रामकिशोर सैनी, दुर्गेश सैनी, राजकुमार, अजय सैनी, रमेश सैनी, चंद्रसेन सैनी, राजू सैनी, रोहित सैनी और अमन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


