शक्तिफार्म में विवाहिता फंदे से लटकी मिली, भाई ने मौत को संदिग्ध बताया
सुरेंद्रनगर निवासी महिला ने शनिवार शाम घर में फंदे में लटकी मिली। परिजन उसे सीएचसी शक्तिफार्म ले गये। बाद में उप जिला चिकित्सालय सितारगंज ले गये।
शक्तिफार्म, संवाददाता। सुरेंद्रनगर क्षेत्र में शनिवार शाम एक विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटकी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। मृतका के भाई ने ससुराल पक्ष पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए मौत को संदिग्ध बताया है। 34 वर्षीय रीना मंडल पत्नी दिलीप मंडल शनिवार शाम करीब छह बजे अपने कच्चे घर में लकड़ी के खंभे से साड़ी के सहारे लटकी मिली। घटना के समय उसका पति बाजार गया हुआ था, जबकि सास भी घर पर नहीं थी। तीनों बच्चे खेलने बाहर गए थे।
शाम को लौटने पर बच्चों ने घर का दरवाजा अंदर से बंद पाया। दूसरे कमरे में खटिया पर चढ़कर देखने पर मां को फंदे से लटका पाया, जिसके बाद उन्होंने शोर मचाया। पड़ोसियों ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा और महिला को नीचे उतारा। परिजन उसे उप जिला चिकित्सालय सितारगंज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की। मृतका अपने पीछे बेटी सोनाली (15), रचना (14) और बेटा राहुल (10) को छोड़ गई है। मृतका के भाई मनोज सरदार पुत्र खोखन सरदार निवासी पिपलिया न.2 गदरपुर ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि उसकी बहन का ससुराल में अक्सर उत्पीड़न होता था, जिसके चलते वह कई बार मायके भी आ चुकी थी। कोतवाल सुंदरम शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


