Rudrapur News: संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकी मिली महिला
Rudrapur News: दिनेशपुर के मोहनपुर नंबर एक में एक महिला लक्ष्मी राय संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटकी मिली। अस्पताल में उसे मृत घोषित किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। लक्ष्मी की पहचान 27 वर्षीय और दो बेटियों की मां के रूप में हुई है।

Rudrapur News: दिनेशपुर, संवाददाता। मोहनपुर नंबर एक में सोमवार सुबह एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकी मिली। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 27 वर्षीय लक्ष्मी राय पत्नी कुशल राय के रूप में हुई है। वह वर्तमान में मोहनपुर नंबर एक में रह रही थी। वह मूल रूप से ग्राम मकरंदपुर, थाना गदरपुर की रहने वाली थी। लक्ष्मी का विवाह वर्ष 2018 में ग्राम संजयनगर महतोष, थाना गदरपुर निवासी कुशल राय से हुआ था।
दंपति की दो बेटियां हैं। बताया गया कि सोमवार सुबह लक्ष्मी ने अपने कमरे में फंदा लगा लिया। जानकारी होने पर परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल रुद्रपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से घटना की सूचना दिनेशपुर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पंकज कुमार पुलिस टीम के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा। इसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


