Hindi NewsUttarakhand NewsRudrapur NewsStudent Commits Suicide in Pantnagar University Hostel Investigation Underway
कमरे में फंदे से लटका मिला बीटेक का छात्र

कमरे में फंदे से लटका मिला बीटेक का छात्र

संक्षेप:

पंतनगर विश्वविद्यालय के हॉस्टल में एक बीटेक छात्र अक्षत सैनी ने आत्महत्या कर ली। साथी छात्रों ने उसे कमरे में नहीं पाया, तो दरवाजा तोड़ा गया। अक्षत पिछले एक साल से अवसाद में था और आज उसकी परीक्षा थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।

Dec 08, 2025 12:09 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रुद्रपुर
share Share
Follow Us on

रुद्रपुर/पंतनगर। पंतनगर विश्वविद्यालय के हॉस्टल में सोमवार बीटेक के एक छात्र ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अक्षत सैनी, निवासी रुड़की, के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, रोज की तरह साथी छात्र नाश्ते के लिए उसे बुलाने पहुंचे, लेकिन कमरे का दरवाजा काफी देर तक खटखटाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर उसके मौसी के बेटे और अन्य छात्रों ने जोर से आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई हलचल न होने पर दरवाजा तोड़ा गया, जहां अक्षत को फंदे से लटका देखा गया। यह दृश्य देखकर छात्र घबरा गए और तुरंत शोर मचाया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

शोर सुनते ही यूनिवर्सिटी प्रशासन, सुरक्षा अधिकारी, वार्डन और प्रबंधन टीम मौके पर पहुंची। तुरंत शव को नीचे उतारा गया और घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पंतनगर थाना प्रभारी नंदन सिंह रावत ने बताया कि शुरुआती जांच में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। छात्रों से मिली जानकारी के अनुसार अक्षत पिछले एक साल से अवसाद में था और आज उसकी परीक्षा भी थी। वह हॉस्टल में अकेले रहता था, हालांकि पास वाले कमरे में उसका मौसी का लड़का रहता है। पंतनगर थाना प्रभारी नंदन सिंह रावत के अनुसार, घटना की खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कमरे की जांच की। अक्षत का मोबाइल, नोटबुक और कमरे की हालत का निरीक्षण किया गया। फिलहाल किसी सुसाइड नोट के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। अक्षत के माता-पिता गाजियाबाद में नौकरी करते हैं और देर शाम तक विश्वविद्यालय पहुंचने की संभावना है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए छात्रों से पूछताछ की जाएगी, लेकिन परीक्षाओं के चलते किसी छात्र पर अतिरिक्त दबाव नहीं डाला जाएगा। प्रारंभिक जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।