विद्यालयों में सीसीटीवी अनिवार्य, सुरक्षा व्यवस्था होगी सख्त
जिले के सभी निजी विद्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए शासन ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। अब विद्यालयों में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य होगा और आगंतुकों का विवरण रजिस्टर में दर्ज करना भी जरूरी है। इसके अलावा, प्रशिक्षित सुरक्षा कर्मियों की नियुक्ति और मजबूत चारदीवारी भी आवश्यक होगी।

सतीराम राना, रुद्रपुर। जिले के सभी निजी विद्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए शासन ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। शासनादेश के अनुसार, अब विद्यालय परिसरों में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। निर्देशों के तहत प्रत्येक विद्यालय को अपने मुख्य द्वार और सभी कक्षा-कक्षों में सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने होंगे, ताकि गतिविधियों पर निरंतर निगरानी रखी जा सके। इसके साथ ही विद्यालय में आने वाले सभी आगंतुकों का विवरण दर्ज करने के लिए रजिस्टर रखना भी अनिवार्य किया गया है। रजिस्टर में आगंतुक का नाम, उद्देश्य और वैध पहचान-पत्र संख्या दर्ज करना होगा। सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए विद्यालयों में प्रशिक्षित सुरक्षा कर्मियों की नियुक्ति भी जरूरी कर दी गई है।
इसके अलावा विद्यालय परिसर में मजबूत चारदीवारी, नियंत्रित प्रवेश द्वार और आपात स्थिति में सुगम निकास की व्यवस्था करना भी अनिवार्य होगा। प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेन्द्र कुमार मिश्रा ने बताया कि इन व्यवस्थाओं से विद्यालयों में छात्रों की सुरक्षा और अधिक सुदृढ़ होगी तथा किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को काफी हद तक रोका जा सकेगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


