Rudrapur News: स्कूटी और बाइक की भिड़ंत में बुजुर्ग दुकानदार की मौत
Rudrapur News: खटीमा के चकरपुर क्षेत्र में गुरुवार को स्कूटी और बाइक की भिड़ंत में 62 वर्षीय राजेंद्र चंद की मौत हो गई। राजेंद्र चंद परचून की दुकान चलाते थे और बाजार से सामान लेकर वापस लौट रहे थे। हादसे में बाइक सवार युवक भी घायल हो गया, जिसका इलाज चल रहा है।
Rudrapur News: खटीमा, संवाददाता। चकरपुर क्षेत्र में बिचपुरी मोड़ के पास गुरुवार को स्कूटी और बाइक की भिड़ंत में स्कूटी सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक भी घायल हो गया। उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। बूढ़ाबाग में चकरपुर प्लांटेशन के किनारे रहने वाले 62 वर्षीय राजेंद्र चंद गांव में ही परचून की दुकान चलाते थे। गुरुवार को वह दुकान का सामान लेने स्कूटी से चकरपुर बाजार गए थे। सामान लेकर घर लौटते समय बिचपुरी मोड़ के पास बनबसा की ओर से आ रही बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह छिटककर सड़क पर दूर जा गिरे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें एंबुलेंस से खटीमा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। राजेंद्र चंद के एक पुत्र और एक पुत्री है। पुत्र महेश चंद एयरफोर्स में सिलचर, असम में तैनात हैं। पिता की मौत की सूचना मिलने के बाद वह गांव के लिए चल चुके हैं। पुत्री का विवाह हो चुका है। हादसे में बाइक सवार चकरपुर निवासी युवक भी घायल हुआ है। उसका सरकारी अस्पताल में उपचार चल रहा है।


