दिनेशपुर में तालाब के किनारे से काटा चंदन का पेड़
दिनेशपुर, संवाददाता। भाजपा कार्यकर्ता के घर के पास स्थित तालाब के किनारे से चोर एक चंदन का पेड़ काटकर ले गए। पालतू कुत्ते के भौंकने पर परिजन जाग गए।...
दिनेशपुर, संवाददाता। भाजपा कार्यकर्ता के घर के पास स्थित तालाब के किनारे से चोर एक चंदन का पेड़ काटकर ले गए। पालतू कुत्ते के भौंकने पर परिजन जाग गए। परिजनों ने मौके पर एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में घायल पड़ा देखा। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली और संदिग्ध अवस्था में मिले व्यक्ति को अपने साथ ले गई।
शनिवार रात वार्ड नौ स्थित भाजपा कार्यकर्ता अमल राय के परिजनों के अनुसार कुत्ते की भौंकने की आवाज पर घर में सभी जाग गए। उन्हें तालाब किनारे किसी के कराहने की आवाज सुनाई दी। सभी वहां पहुंचे तो देखा एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में खेत में पड़ा है। पास ही आरी और कुल्हाड़ी भी पड़ी थी। शक होने पर सभी तालाब किनारे पहुंचे तो वहां लगभग ढाई फीट गोलाई का चंदन का पेड़ गायब था। पास ही पेड़ की टहनियां पड़ी थीं। मौके से मिले व्यक्ति से पुलिस पूछताछ कर रही है। इसी जगह से तीन साल पहले भी चोर एक चंदन का पेड़ काट ले गए थे। वहीं थानाध्यक्ष अनिल उपाध्याय ने बताया कि पकड़ा गया व्यक्ति युवक नशेड़ी किस्म का प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है।
