Hindi NewsUttarakhand NewsRudrapur NewsRudrapur Wedding Violence Guests Injured in Stone-Pelting Incidents
शादी समारोह में युवकों का उत्पात, दो लोग घायल

शादी समारोह में युवकों का उत्पात, दो लोग घायल

संक्षेप:

रुद्रपुर में एक विवाह समारोह के दौरान कुछ युवकों ने मामूली विवाद के चलते बारात पर पथराव कर दिया, जिससे दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। एक अन्य रिसेप्शन पार्टी में दुल्हन के मेकअप पर विवाद ने हाथापाई का रूप ले लिया, जिसमें कुछ लोग घायल हुए।

Nov 27, 2025 06:29 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रुद्रपुर
share Share
Follow Us on

रुद्रपुर, संवाददाता। ट्रांजिट कैंप में आयोजित विवाह समारोह के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब मामूली बात को लेकर कुछ युवकों ने उत्पात मचाते हुए बाराती और घराती पक्ष पर पथराव कर दिया। इसमें दो लोग घायल हो गए। सूचना पर पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी युवक फरार हो गए। तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, आजाद नगर ट्रांजिट कैंप निवासी सुशांत दास ने बताया कि बुधवार को उनकी बेटी का विवाह था। रात करीब 11 बजे जब बारात बिलासपुर से घर के पास पहुंची तो बाराती पक्ष के कुछ युवक पास ही खड़े होकर लघुशंका करने लगे।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

इस पर मौजूद कुछ युवकों ने आपत्ति जताई, जिसके बाद गाली-गलौज शुरू हो गई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। बताया जा रहा है कि युवक नशे की हालत में थे और विवाद के दौरान उन्होंने बारात पर पथराव कर दिया। पथराव से समारोह में अफरा-तफरी मच गई और दुल्हन पक्ष के दो युवक घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी वहां से फरार हो चुके थे। गुरुवार को घायलों के परिजनों ने ट्रांजिट कैंप थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी मोहन चंद्र पांडे ने बताया कि बरात में पथराव की सूचना मिली थी। हमले में दो लोग घायल हुए हैं। तहरीर के आधार पर फरार युवकों की तलाश की जा रही है। दुल्हन के मेकअप पर विवाद, दोनों पक्षों में हाथापाई शक्तिफार्म, संवाददाता। शादी के बाद रिसेप्शन पार्टी में दुल्हन के मेकअप को लेकर हुआ मामूली विवाद बड़ा रूप ले बैठा। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई हो गई, जिसमें कुछ लोग घायल हो गए। शक्तिफार्म के एक गांव निवासी युवक का नानकमत्ता निवासी युवती से विवाह तय हुआ था। सोमवार को बारात नानकमत्ता पहुंची, जहां दोनों का विवाह संपन्न हुआ। मंगलवार को बारात शक्तिफार्म लौट आई। बुधवार को दूल्हे के घर पर रिसेप्शन पार्टी का आयोजन किया गया, जिसमें दुल्हन पक्ष के लोग भी शामिल हुए। रिसेप्शन के दौरान दुल्हन पक्ष की एक महिला रिश्तेदार ने दुल्हन का मेकअप खराब होने को लेकर दूल्हे के परिजनों पर टिप्पणी कर दी। इससे दूल्हा पक्ष नाराज हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई, जिसमें दोनों तरफ के कुछ लोग घायल हो गए। इधर, घटना से आक्रोशित दुल्हन के पिता अपनी नवविवाहित पुत्री को वापस नानकमत्ता ले गए। वहीं, दोनों पक्षों के बीच सहमति बनाने के लिए नानकमत्ता में पंचायत का दौर जारी है।