Rudrapur News: पीसीपीएनडीटी सलाहकार समिति की बैठक में 14 अल्ट्रासाउंड केंद्रों के लाइसेंस मंजूर
Rudrapur News: रुद्रपुर में जिला सलाहकार समिति पीसीपीएनडीटी की बैठक में अल्ट्रासाउंड केंद्रों के लाइसेंस आवेदनों पर चर्चा हुई। समिति ने पांच नवीनीकरण और नौ नए लाइसेंस आवेदनों को संस्तुति दी, जबकि दो नए आवेदनों पर स्थलीय निरीक्षण के बाद फैसला होगा। अनुपयोगी मशीनों को डिस्मेंटल करने के लिए पांच सदस्यीय समिति बनेगी। सभी केंद्रों का नियमित और औचक निरीक्षण होगा तथा अवैध लिंग परीक्षण की सूचना देने वाले मुखबिर को दो लाख रुपये का इनाम मिलेगा।
लाइसेंस आवेदनों और केंद्रों की निगरानी पर चर्चा
Rudrapur News:
रुद्रपुर, संवाददाता। जिलाधिकारी नितिन भदौरिया के निर्देश पर बुधवार को विकास भवन में जिला सलाहकार समिति पीसीपीएनडीटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक परियोजना निदेशक हिमांशु जोशी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इसमें अल्ट्रासाउंड केंद्रों की मॉनिटरिंग और नए लाइसेंस व नवीनीकरण के आवेदनों पर चर्चा की गई। बैठक में लाइसेंस के कुल 16 आवेदन रखे गए। इनमें 11 नए और पांच नवीनीकरण के मामले थे। डीजीसी बारीत सिंह ने सभी आवेदनों के कानूनी पहलुओं की जांच की। विचार-विमर्श के बाद समिति ने पांच नवीनीकरण और नौ नए लाइसेंस आवेदनों को संस्तुति दे दी। दो नए आवेदनों पर स्थलीय निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी को संस्तुति भेजी जाएगी। बैठक में अनुपयोगी पड़ी अल्ट्रासाउंड मशीनों को डिस्मेंटल करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए पांच सदस्यीय समिति का गठन किया जाएगा। यह समिति डीएम से अनुमति और केंद्र स्वामी से शपथ पत्र लेने के बाद ही मशीनों को डिस्मेंटल करने की कार्रवाई करेगी। जिलाधिकारी के निर्देश पर तय किया गया कि जिले के सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों का नियमित और औचक निरीक्षण किया जाएगा। पीसीपीएनडीटी एक्ट का उल्लंघन करने वाले केंद्रों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। अवैध लिंग परीक्षण रोकने के लिए मुखबिर योजना प्रभावी रूप से लागू की जाएगी। प्रशासन ने अवैध गतिविधियों में लिप्त कुछ केंद्रों को चिह्नित कर लिया है, जिन पर जल्द कार्रवाई होगी। अवैध लिंग परीक्षण की सही सूचना देने वाले मुखबिर को दो लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। बैठक में नोडल अधिकारी डॉ. एसपी सिंह, एडिशनल सीएमओ डॉ. डीपी सिंह, डीजीसी बारीत सिंह, बिंदु वसानी, सीमा सिंह, प्रदीप महर, विजय कुमार और गोपाल आर्य आदि मौजूद रहे।

