मुख्य बाजार से विशेष स्वच्छता अभियान का शुभारम्भ
रुद्रपुर में मेयर विकास शर्मा ने विशेष स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान की शुरुआत की। उन्होंने झाड़ू लगाकर अभियान का उद्घाटन किया और लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। यह अभियान 7 से 13 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें कचरा पृथक्करण और जैविक खाद बनाने की विधि को समझाया जाएगा।
रुद्रपुर, संवाददाता। नगर निगम के तहत चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान का शुभारम्भ मंगलवार को मेयर विकास शर्मा ने मुख्य बाजार स्थित वीर हकीकत राय मार्ग से किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं झाड़ू लगाकर अभियान की शुरुआत की और लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में नगर निगम की टीम, स्थानीय व्यापारी, भाजपा कार्यकर्ता एवं सामाजिक संगठनों के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए। मेयर ने कहा कि शहर को स्वच्छ और रोगमुक्त बनाना नगर निगम की प्राथमिकता है, इसके लिए जनभागीदारी आवश्यक है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत बढ़ती गर्मी और संक्रामक रोगों के खतरे को देखते हुए 7 से 13 अप्रैल तक यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन का उल्लेख करते हुए कहा कि अब इस मुहिम को हर गली-मोहल्ले तक पहुंचाना लक्ष्य है। 10 अप्रैल को अटरिया मेला परिसर में भी वृहद सफाई अभियान चलाया जाएगा।उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष स्वच्छता रैंकिंग में नगर निगम ने बेहतर प्रदर्शन किया था और इस वर्ष इसे और सुधारने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही प्रत्येक घर में चार डस्टबिन गीला, सूखा, ई-वेस्ट और मेडिकल वेस्ट रखने की नई व्यवस्था लागू की जा रही है, ताकि कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण हो सके। नाले-नालियों की सफाई भी युद्धस्तर पर की जाएगी।अभियान के दौरान नगर निगम कर्मचारियों ने लोगों को कचरा पृथक्करण और जैविक खाद बनाने की विधि भी समझाई। कार्यक्रम में पार्षदों, अधिकारियों और पर्यावरण मित्रों सहित अनेक लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


