
रुद्रपुर में 10 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास
रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास सांसद अजय भट्ट ने किया। विधायक शिव अरोरा और मेयर विकास शर्मा की उपस्थिति में, इन परियोजनाओं में रिंग रोड, मेडिकल कॉलेज और छात्रावास शामिल हैं। भविष्य में और भी विकास कार्यों की योजना है।
रुद्रपुर, संवाददाता। रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र को लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों मिले हैं। सांसद अजय भट्ट ने रविवार को विधायक शिव अरोरा और मेयर विकास शर्मा की मौजूदगी में इन कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास कर इन्हें जनता को समर्पित किया। सांसद भट्ट ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में रुद्रपुर क्षेत्र में लगातार बड़े विकास कार्य कराए जा रहे हैं। रिंग रोड, मेडिकल कॉलेज, कामकाजी महिलाओं के छात्रावास और किच्छा में प्रस्तावित सेटेलाइट एम्स जैसे प्रोजेक्ट क्षेत्र के विकास को नई दिशा देंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार जनता की जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर रही है।
विधायक अरोरा ने कहा कि रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगे हैं। अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुके हैं और शेष अंतिम चरण में हैं। आने वाले समय में जाम मुक्त रुद्रपुर के लिए इंदिरा चौक से अटरिया मोड़ तक चौड़ीकरण व सौंदर्यीकरण और काशीपुर बाईपास रोड का निर्माण किया जाएगा। मेयर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सांसद अजय भट्ट के नेतृत्व में रुद्रपुर को स्वच्छ और विकसित शहर बनाने की दिशा में लगातार कार्य हो रहे हैं। आने वाले दिनों में नाला कवरिंग, सड़क चौड़ीकरण और अन्य बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम शुरू किया जाएगा। इन कार्यों का किया गया लोकार्पण व शिलान्यास विधायक शिव अरोरा के प्रयासों से राज्य योजना, जिला योजना व विधायक निधि के अंतर्गत कराए जा रहे इन विकास कार्यों में नेशनल हाईवे-74 पर अपोलो टायर्स से दक्ष चौक तक 3.3 किमी मार्ग (2.15 करोड़), ट्रांजिट कैंप से चामुंडा मंदिर तक व्हाइट टॉपिंग सड़क (2 करोड़), हुंडई एजेंसी से ऑक्सफोर्ड स्कूल तक इंटरलॉकिंग मार्ग (1.5 करोड़), मुख्य बाजार में 2 किमी आंतरिक सड़कों का निर्माण (2.82 करोड़) तथा बिगवाड़ा क्षेत्र में सीसी सड़क, कॉलोनियों में सड़क निर्माण, मंदिर सौंदर्यीकरण, सामुदायिक भवन व टीन शेड जैसे कार्य शामिल हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




