Rudrapur News: सरोवर नगर में लाखों की चोरी, 10 दिन बाद दर्ज हुआ मुकदमा
Rudrapur News: गदरपुर के सरोवर नगर में लाखों रुपये की चोरी हुई, जिसमें चोरों ने घर की पिछली दीवार तोड़कर सोना, चांदी और नकदी चुराई। पीड़ित अखलाक अहमद ने 20 जून को पुलिस को तहरीर दी, लेकिन 10 दिन बाद मुकदमा दर्ज हुआ। क्षेत्रवासियों ने शीघ्र मामले का खुलासा करने की मांग की है।

Rudrapur News: गदरपुर, संवाददाता। कोतवाली गदरपुर क्षेत्र के सरोवर नगर में लाखों रुपये की चोरी के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। पीड़ित ने 20 जून को ही कोतवाली में तहरीर देकर घर में हुई चोरी की सूचना दी थी, लेकिन पुलिस ने करीब 10 दिन बाद मुकदमा दर्ज किया। सरोवर नगर निवासी अखलाक अहमद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 19 जून की रात करीब एक से तीन बजे के बीच चोर घर की पिछली दीवार तोड़कर अंदर घुस गए। चोर करीब 3.5 तोला सोना, 1750 ग्राम चांदी और 1.15 लाख रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गए।
बताया कि उसी रात गांव निवासी इमरान पुत्र कलुआ के घर में भी चोरी हुई थी। पीड़ित का कहना है कि यदि पुलिस समय पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू करती तो आरोपियों तक पहुंचने की संभावना अधिक रहती। क्षेत्रवासियों ने मामले का शीघ्र खुलासा कर चोरी गए जेवरात और नकदी बरामद करने की मांग की है। वहीं गदरपुर कोतवाली के प्रभारी प्रदीप शर्मा ने बताया कि चोरी की सूचना मिलते ही जीडी में दर्ज कर लिया गया था। घटना की सीसीटीवी फुटेज आदि खंगाल कर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश जारी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


