ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंड रुद्रपुरजिलेभर में 13 को एक साथ निकाली जाए प्रभात फेरी : जोशी

जिलेभर में 13 को एक साथ निकाली जाए प्रभात फेरी : जोशी

रुद्रपुर। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत हर घर तिरंगा अभियान के सफल आयोजन के लिए चल रही तैयारियों की समीक्षा...

जिलेभर में 13 को एक साथ निकाली जाए प्रभात फेरी : जोशी
हिन्दुस्तान टीम,रुद्रपुरWed, 10 Aug 2022 08:30 PM
ऐप पर पढ़ें

रुद्रपुर, संवाददाता। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत हर घर तिरंगा अभियान के सफल आयोजन के लिए चल रही तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अंत्योदय परिवारों को निःशुल्क झंडे उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि 13 अगस्त को एक ही समय पर पूरे जिले में प्रभात फेरी निकाली जाये और जिले में सर्वाधिक तिरंगे बनाने वाले स्वयं सहायता समूहों को 15 अगस्त को सम्मानित किया जाये।

बुधवार को डॉ.एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में हुई बैठक में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हर नागरिक कपास, पॉलिस्टर, ऊन, रेशम, खादी बंटिंग से बने हुए राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा को 13 से 15 अगस्त तक खुले स्थानों पर, अपने घरों पर दिन-रात फहरा सकता है। उन्होंने कहा कि झंडे को सम्मान से लगाने व उतारने के साथ ही सम्मान से झंडे का फ्लैग कोड के अनुसार निस्तारण किया जाये। 15 अगस्त के बाद झंडों के फ्लैग कोड के अनुसार निस्तारण के लिए शासकीय कार्यालयों, ब्लॉक कार्यालय, नगर पालिकाओें में जनता से झंडा जमा करने के लिए काउंटर लगाया जाये। डीएम युगल किशोर पंत ने बताया कि जनपद में सभी 2 लाख 80 घरों पर ध्वजारोहण का लक्ष्य रखा है। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 1 लाख 50 हजार झंडों की व्यवस्था की जा चुकी है। जिले में 17345 परिवारों को निःशुल्क झंडे सहित डंडे की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि नगर निकाय कर्यालयों, ब्लॉक कार्यालयों के साथ ही विभिन्न सरकारी कार्यालयों में झंडे उपलब्ध कराये गये हैं। यहां विधायक शिव अरोरा, मेयर रामपाल सिंह, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, एसएसपी मंजूनाथ टीसी, सीडीओ विशाल मिश्रा, एडीएम जय भारत सिंह, एसडीएम प्रत्यूष सिंह, डीएसओ तेजबल सिंह, डीपीआरओ आरसी त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष विवेक सक्सेना आदि मौजूद रहे।

यह हिन्दुस्तान अखबार की ऑटेमेटेड न्यूज फीड है, इसे लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है।
हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें