वीआईपी का नाम उजागर करने की मांग, कांग्रेस का प्रदर्शन
उत्तराखंड के अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने नए खुलासों और बुलडोजर कार्रवाई के बाद सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री से निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की। आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक सच्चाई सामने नहीं आती।
रुद्रपुर, संवाददाता। उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर एक बार फिर सियासी पारा चढ़ गया है। हत्याकांड से जुड़े कथित नए खुलासों और रिजॉर्ट पर हुई बुलडोजर कार्रवाई को लेकर सामने आए बयानों के बाद बुधवार को कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने मामले में कथित वीआईपी का नाम उजागर कर कार्रवाई की मांग की। बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रुद्रपुर के डीडी चौक पर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि उर्मिला सनावर द्वारा हत्याकांड को लेकर नए खुलासे किए गए हैं, जिसमें रिजॉर्ट पर बुलडोजर कार्रवाई एक विधायक के इशारे पर किए जाने का आरोप लगाया गया है।
कांग्रेस का आरोप है कि इस पूरे प्रकरण में भाजपा का शीर्ष नेतृत्व भी संलिप्त है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष हिमांशु गावा ने आरोप लगाया कि राज्य पुलिस अब तक मामले में कथित वीआईपी का नाम उजागर करने में विफल रही है और जानबूझकर मामले को उलझाया जा रहा है। कांग्रेस नेता मीना शर्मा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से पूरे मामले का निष्पक्ष खुलासा करने, अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने और नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि जब तक सच्चाई सामने नहीं आती, आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन में पूर्व महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा, महानगर अध्यक्ष ममता रानी, वरिष्ठ नेता अनिल शर्मा, पूर्व पार्षद प्रीति साना, महानगर कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष संजीव रस्तोगी, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष ममता हालदार, पूर्व पार्षद मालती मौर्या, पूर्व पार्षद मोहन भारद्वाज, पार्षद अंजलि राजू कोली, सरोज रानी, मंजू जैन, बाबू विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



