विधायक गोपाल सिंह राणा ने लगाया स्थानीय प्रशासन पर पक्षपात का आरोप
खटीमा के वार्ड 12 में विधायक निधि से प्रस्तावित 70 मीटर सड़क निर्माण कार्य मिट्टी भरान की अनुमति न मिलने के कारण रुका हुआ है। विधायक गोपाल सिंह राणा ने आरोप लगाया है कि स्थानीय प्रशासन पक्षपाती है और आम जनता की मांगों की अनदेखी कर रहा है। स्थानीय लोग जल्द सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं।
खटीमा। नगर पालिका के वार्ड संख्या 12 में विधायक निधि से प्रस्तावित 70 मीटर सड़क निर्माण कार्य मिट्टी भरान की अनुमति न मिलने के कारण अटका हुआ है। इस मुद्दे पर नानकमत्ता के विधायक गोपाल सिंह राणा ने स्थानीय प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाया है। विधायक राणा ने कहा कि एजीएस इंटर कॉलेज के पास स्थित यह मार्ग वर्षों से जर्जर और जलभराव की समस्या से ग्रस्त है। विधायक निधि से सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने के बावजूद मिट्टी खनन एवं भरान की अनुमति नहीं दी जा रही, जिससे निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है। वार्डवासियों ने विधायक के कैंप कार्यालय पहुंचकर बताया कि कमला देवी के मकान से प्रेम बल्लभ पांडे के मकान तक का मार्ग बरसात में भी बदहाल स्थिति में रहने की आशंका है।
स्थानीय लोगों ने जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की। विधायक ने आरोप लगाया कि प्रशासन केवल सत्ता से जुड़े लोगों को ही मिट्टी खनन की अनुमति दे रहा है, जबकि आम जनता और विपक्षी क्षेत्रों की मांगों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने राज्य सरकार पर विकास कार्यों और जनसमस्याओं के समाधान में उदासीनता बरतने का भी आरोप लगाया। इस दौरान मुन्नी खड़ायत, तारा पांडे, कमला देवी, माया देवी, तेज सिंह बोहरा, पुष्कर सिंह खड़ायत, दिलीप सिंह नेगी, किशोर उपाध्याय और रमेश रौतेला सहित कई स्थानीय निवासी मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


