होली पर कच्ची शराब खपाने आए तस्करों के मंसूबे नाकाम
रुद्रपुर में पुलिस ने होली पर्व पर कच्ची शराब की तस्करी की कोशिशों पर कार्रवाई की। विभिन्न स्थानों पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने 164, 50, 54 और 60 पाउच कच्ची शराब बरामद की। चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।

रुद्रपुर, संवाददाता। होली पर्व पर कच्ची शराब खपाने की तैयारी कर रहे तस्करों के मंसूबों पर पुलिस ने पानी फेर दिया। त्योहार को देखते हुए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में कच्ची शराब बरामद की है। जानकारी के अनुसार, ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र की कृष्णा कॉलोनी में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक कच्ची शराब बेच रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी श्यामजी गुप्ता कीचड़ और पानी की ओर भागकर फरार हो गया। हालांकि मौके से पुलिस ने 164 पाउच कच्ची शराब बरामद की।
वहीं बगवाड़ा क्षेत्र में चंद्रपाल पार्किंग के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने लखविंद नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 50 पाउच कच्ची शराब बरामद की। इसके अलावा रम्पुरा क्षेत्र में पुलिस ने कुलवंत सिंह को गिरफ्तार कर उसके पास से 54 पाउच कच्ची शराब बरामद की। भूरारानी रोड पर जसवीर सिंह उर्फ जस्सी को बाइक के साथ पकड़ा गया, जिसके पास से 60 पाउच कच्ची शराब बरामद हुई। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


