परिवार को बंधक बना लूट के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार
किच्छा के पुलभट्टा थाना क्षेत्र में एक परिवार से लूट करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी इस्लाम को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 315 बोर का तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन और लूटी गई नकदी का हिस्सा बरामद किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
रुद्रपुर/किच्छा, हिटी। किच्छा के पुलभट्टा थाना क्षेत्र में तमंचे के बल पर परिवार से लूट के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 315 बोर का तमंचा, दो कारतूस, एक मोबाइल फोन और लूटी गई नकदी का एक हिस्सा बरामद किया गया है। गुरुवार को पुलिस कार्यालय में मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि 22 जनवरी की रात करीब 12:40 बजे तीन नकाबपोश बदमाश ग्राम बरा निवासी मूंगफली के थोक व्यापारी नरेश कुमार प्रजापति के घर की दीवार फांदकर अंदर घुसे थे। बदमाशों ने नरेश कुमार, उनकी पत्नी प्रेमवती देवी, पुत्र वासुदेव और पुत्री वंशिका को तमंचा दिखाकर बंधक बनाया और मारपीट की।
इसके बाद घर से 87 हजार रुपये नकद और जेवरात लूट लिए। करीब 40 मिनट तक लूटपाट के बाद बदमाश परिवार को कमरे में बंद कर फरार हो गए। पीड़ित ने किसी तरह बाहर निकलकर पुलिस को सूचना दी। मुकदमा दर्ज कर थानाध्यक्ष पुलभट्टा के नेतृत्व में टीमों का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय जानकारी के आधार पर पुलिस ने गुरुवार को घटना में शामिल इस्लाम पुत्र अहमद हुसैन निवासी ग्राम लोहार नगला, थाना फतेहगंज पश्चिमी, बरेली यूपी को अभयपुर तिराहा, भोजीपुरा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम जब आरोपी की तलाश में भोजीपुरा पहुंची तो वह दूसरी मंजिल से कूदकर भागने की कोशिश में घायल हो गया, जिससे उसका पैर फ्रैक्चर हो गया। आरोपी ने अपने भाई अबरार और दोस्त शकील के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। दोनों फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। कोट.. फरार आरोपी अबरार पुत्र अहमद हुसैन और शकील पुत्र हसीन मियां निवासी ग्राम लोहार नगला थाना फतेहगंज पश्चिमी, बरेली की तलाश की जा रही है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार किया जाएगा। -मणिकांत मिश्रा, एसएसपी, ऊधमसिंह नगर

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




