टप्पेबाजी की घटना का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
रुद्रपुर में ट्रांजिट कैम्प पुलिस ने टप्पेबाजी की एक घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से छीना गया सैमसंग मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की। आरोपियों ने मोबाइल छीनने की वारदात स्वीकार कर ली है। उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।

रुद्रपुर, संवाददाता। ट्रांजिट कैम्प कोतवाली पुलिस ने टप्पेबाजी की एक घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में छीना गया सैमसंग मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। साथ ही वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर अपराध नियंत्रण और लूट व टप्पेबाजी की घटनाओं के खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को ट्रांजिट कैम्प पुलिस टीम सिडकुल आनंदपुर रोड क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस को देखकर तीनों भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम कुनाल शर्मा पुत्र तोताराम शर्मा, गोविंद सिंह पुत्र सेवा सिंह और सन्नी पुत्र उमेश साहनी निवासी बिलासपुर, जनपद रामपुर यूपी बताए। तलाशी के दौरान गोविंद सिंह के पास से एक सैमसंग ए-56 मोबाइल फोन बरामद हुआ। जांच में यह मोबाइल थाना ट्रांजिट कैम्प में दर्ज एफआईआर से संबंधित पाया गया। मौके पर बुलाए गए वादी ने मोबाइल की पहचान करते हुए तीनों आरोपियों की घटना में संलिप्तता की पुष्टि की। पूछताछ में आरोपियों ने मोबाइल छीनने की वारदात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल धर्मवीर सोलंकी ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


