प्रत्येक ब्लॉक और कस्बे में आधुनिक पुस्तकालयों की जरूरत : डीएम
पंतनगर में गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में 'एक राष्ट्र-एक सदस्यता' योजना पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने आधुनिक पुस्तकालयों की स्थापना पर जोर दिया। कुलपति डॉ. एसके कश्यप ने डिजिटल संसाधनों के महत्व को बताया। कार्यक्रम में ई-संसाधनों के लिए नए मंच का उद्घाटन भी किया गया।

पंतनगर, संवाददाता। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में गुरुवार को ‘एक राष्ट्र-एक सदस्यता’ योजना एवं सूचना एवं पुस्तकालय नेटवर्क सेवाओं पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जिले के प्रत्येक ब्लॉक और कस्बे में आधुनिक पुस्तकालय स्थापित करने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्र-छात्राओं और शोधार्थियों के लिए बेहद लाभकारी हैं। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता, विशाल आंकड़ा विश्लेषण और आधुनिक तकनीकों के माध्यम से पुस्तकालयों को और अधिक उपयोगी बनाया जा सकता है। अध्यक्षता करते हुए कुलपति डॉ. एसके कश्यप ने कहा कि शोध एवं शिक्षा के लिए डिजिटल आंकड़े और ऑनलाइन संसाधन आज अत्यंत महत्वपूर्ण हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम से शोध सामग्री तक आसान पहुंच शिक्षा और अनुसंधान को नई दिशा देगी। गांधीनगर से आईं वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. कृतिजे त्रिवेदी एवं राजा वी ने डिजिटल शोध संसाधनों और ऑनलाइन अध्ययन सामग्री की उपयोगिता पर विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान अतिथियों ने ई-संसाधनों के लिए नए दूरस्थ अभिगम मंच का उद्घाटन भी किया। कार्यक्रम में विभिन्न संस्थानों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय में गांधीनगर स्थित सूचना एवं पुस्तकालय नेटवर्क केंद्र के सहयोग से किया गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


