खटीमा में एनआरआई ने 21 कन्याओं का विवाह कराया
कनाडा में रह रहे एनआरआई संदीप ग्रेवाल ने खटीमा में 21 निर्धन कन्याओं का विवाह किया। उन्होंने नवदंपतियों को गृहस्थी का सामान उपहार दिया। इसके अलावा, उन्होंने 10 गरीब छात्रों की स्कूल फीस अदा की। यह कार्यक्रम सिख परंपरा के अनुसार गुरुद्वारे में आयोजित किया गया।
खटीमा, संवाददाता। कनाडा में रह रहे एक एनआरआई ने खटीमा में 21 निर्धन कन्याओं का विवाह कराकर सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की है। उन्होंने कन्यादान के रूप में गृहस्थी का आवश्यक सामान भेंट कर नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया। ग्राम सुनपहर के मूल निवासी संदीप ग्रेवाल पिछले 25 वर्षों से कनाडा के टोरंटो में रह रहे हैं। वह आज भी अपनी मातृभूमि से जुड़े हुए हैं। सोमवार सुबह गुरुद्वारा हरगोविंद सिंह साहिब में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में उन्होंने सिख परंपरा के अनुसार 21 निर्धन कन्याओं का विवाह संपन्न कराया। ग्रेवाल ने प्रत्येक दंपति को वॉशिंग मशीन, फ्रिज, टीवी, बक्सा, ड्रेसिंग टेबल, बेड, कुर्सियां, टेबल, अलमारी, रजाई-गद्दे और कपड़े सहित अन्य घरेलू सामान उपहार स्वरूप प्रदान किया।
इसके अतिरिक्त उन्होंने यूपी और उत्तराखंड के 10 गरीब छात्रों को गोद लेकर करीब 5 लाख 60 हजार रुपये की स्कूल फीस जमा कराई और निजी विद्यालयों में उनका दाखिला कराया। कार्यक्रम में अखंड पाठ का भोग रखा गया और बाद में लंगर का आयोजन हुआ। संचालन पूर्व कंचनपुरी समिति अध्यक्ष जसविंदर सिंह बाजवा ने किया। इस दौरान गुरुद्वारा प्रबंधक सरदार सेवा सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


