एसडीएम और सीओ के समझाने पर भी नहीं मानी महिलाएं
जिला अस्पताल में डॉक्टर पर इलाज के नाम पर छेड़छाड़ का आरोप लगाने वाली महिला समेत तीन महिलाओं का गांधी पार्क में भूख हड़ताल गुरुवार को भी दूसरे दिन भी जारी रहा। हालांकि दोपहर बाद गांधी पार्क में...
जिला अस्पताल में डॉक्टर पर इलाज के नाम पर छेड़छाड़ का आरोप लगाने वाली महिला समेत तीन महिलाओं की गांधी पार्क में भूख हड़ताल गुरुवार को भी जारी रही। हालांकि दोपहर बाद गांधी पार्क में पहुंची एसडीएम युक्ता मिश्रा और सीओ स्वतंत्र कुमार ने भूख हड़ताल पर बैठी महिलाओं को समझाने का प्रयास किया लेकिन महिलाओं ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई होने और पीड़िता के पति और उसके मित्र की रिहाई न होने तक अपना आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी। इस दौरान महिलाओं की सीओ से तीखी नोक-झोंक भी हुई। इसके बाद एसडीएम और सीओ बैरंग लौट गये।
उधर,महिला हिंसा विरोधी आंदोलन समिति के तत्वावधान में गुरुवार की सुबह महिलाओं ने गांधी पार्क में आरोपी डॉक्टर का पुतला फूंककर विरोध जताया। इससे पूर्व महिलाओं ने आरोपी डॉक्टर के पुतले की चप्पलों से जमकर पिटाई भी की। साथ ही हस्ताक्षर अभियान चलाकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने को लोगों से समर्थन मांगा। इस मौके पर अनिता पंत ने कहा कि पुलिस ने पीड़िता के पति और साथी को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है। जबकि डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बावजूद उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई है। उनका कहना था कि जब तक आरोपी डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती है, उनका आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर मेहंदी शर्मा, सरोज चौहान, किरन राठौर, अनिता पंत, सरिता भारत, ऊषा नरेंद्र, प्रियंका अग्रवाल, एकता, मीनाक्षी पाठक, शारदा, नीरू छाबड़ा, नरेश छाबड़ा, गौरव प्रकाश, विरेंद्र क्रांतिकारी, राधा अरोरा, हर्ष, ममता आदि मौजूद रहे।
यह था मामला-
बीते गुरुवार को एक महिला जिला अस्पताल में अपने हाथ का दर्द दिखाने हड्डी रोग विशेषज्ञ के पास आई थी। यहां पर महिला ने डॉक्टर पर इलाज के दौरान उसके साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए परिजनों को बुलाकर मारपीट कर दी थी। इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से मामले पर एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। इसके बाद पुलिस ने महिला के पति और उसके मित्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
सुबह से पुलिस फोर्स रहा मौजूद
रुद्रपुर। भूख हड़ताल में बैठी महिलाओं को लेकर पुलिस प्रशासन सुबह से ही सतर्क रहा। शायद यहीं कारण रहा कि सुबह से भारी संख्या में पुलिस फोर्स गांधी पार्क में मौजूद रहा। उधर देर शाम एसडीएम और सीओ के आने के बाद उन्होंने भी एक दरोगा को गांधी पार्क में रहने और महिलाओं का मेडिकल करवाने के निर्देश दिये।
निजी डॉक्टर से प्रशिक्षण कराने की मांग
रुद्रपुर। भूख हड़ताल में बैठी महिलाओं ने सरकारी डॉक्टर से स्वास्थ्य प्रशिक्षण कराने से साफतौर पर मना कर दिया। और निजी डॉक्टर से ही प्रशिक्षण कराने की मांग की।
डॉक्टर की गिरफ्तारी पर होगा ओपीडी बहिष्कार
रुद्रपुर। छेड़छाड़ के मामले में पीड़िता के धरने को उग्र रूप लेता देख डॉक्टरों ने भी आगे आना शुरू कर दिया है। सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों ने दो टूक कहा कि अगर उनके साथी डॉक्टर को पुलिस गिरफ्तार करती है तो वह अस्पताल की ओपीडी का बहिष्कार करेंगे। इतना ही नहीं आवश्यकता पड़ी तो प्रदेशभर में डॉक्टरों से इसके लिए समर्थन मांगा जाएगा। उधर डॉक्टरों ने मामले पर गुरुवार को डॉक्टरों के एक प्रतिनिधी मंडल ने भी एसपी सिटी से मुलाकात कर डॉक्टर पर गलत आरोप लगाने और मामले की निष्पक्ष जांच करने की भी मांग की। इस मौके पर डॉ. राजीव गांधी, डॉ. आरके सिंह, डॉ. पीके श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
महिला के समर्थन में विधायक ने एएसपी से की मुलाकात
रुद्रपुर। छेड़छाड़ के आरोपी डॉक्टर की गिरफ्तारी को पीड़िता के समर्थन में विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को एएसपी से मुलाकात कर आरोपी के खिलाफ जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की। साथ ही उन्होंने जल्द मांग न मानी जाने पर आंदोलन को उग्र करने की भी चेतावनी दी। जिस पर एएसपी ने उन्होंने मामले की जांच करने की बात कहीं।