Hindi NewsUttarakhand NewsRudrapur NewsNew Buildings Approved at Government Girls Inter College Kichha for 5 72 Crores
जीजीआईसी किच्छा में होगा नए भवनों का निर्माण : बेहड़

जीजीआईसी किच्छा में होगा नए भवनों का निर्माण : बेहड़

संक्षेप:

विधायक तिलकराज बेहड़ ने राजकीय कन्या इंटर कॉलेज किच्छा में 5.72 करोड़ रुपये की लागत से नए भवनों के निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत का आभार जताते हुए उन्होंने बताया कि नए भवन में 12 कक्ष और शौचालय सहित अन्य सुविधाएं होंगी।

Dec 02, 2025 07:39 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रुद्रपुर
share Share
Follow Us on

किच्छा, संवाददाता। विधायक तिलकराज बेहड़ ने बताया कि राजकीय कन्या इंटर कॉलेज किच्छा में 5.72 करोड़ की लागत से नए भवनों का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत का आभार जताया। मंगलवार को अपने कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में विधायक बेहड़ ने बताया कि मुख्यमंत्री ने प्रत्येक विधायक से दस विकास कार्यों का प्रस्ताव मांगा था। इसी क्रम में उन्होंने छात्राओं के लिए नए इंटर कॉलेज की मांग रखी थी। सर्वे के बाद नया इंटर कॉलेज स्वीकृत करना संभव न होने पर सरकार ने राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में नए भवन के निर्माण की मंजूरी दी।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

शासन ने इसके लिए 5.72 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं, जिसमें से पहली किस्त के रूप में 2.29 करोड़ रुपये जारी हो चुके हैं। योजना के तहत तीन मंजिला भवन में 12 कक्ष बनाए जाएंगे। प्रत्येक तल पर छात्राओं के लिए शौचालय की व्यवस्था होगी। भवन में एक बड़ा हॉल भी बनाया जाएगा। वहीं पुराने भवनों की 40 लाख रुपये की लागत से मरम्मत की जाएगी। बताया कि राजकीय इंटर कॉलेज की स्थापना वर्ष 1976 में हुई थी। उनके कार्यकाल में वर्ष 1999 में केमिस्ट्री लैब, 2002 में फिजिक्स, होम साइंस और बायो लैब, 2010 में जिला योजना के तहत दो कक्षों का निर्माण कराया गया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर उन्हें मौका मिला तो छात्राओं के लिए अलग से एक नया इंटर कॉलेज भी बनाया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि 10 करोड़ की लागत से बनने वाले कम्यूनिटी हॉल का शासनादेश जल्द जारी होने वाला है। पत्रकार वार्ता के दौरान नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और राजेश प्रताप सिंह मौजूद रहे।