Rudrapur News: नानकमत्ता में सफाई व्यवस्था बहाल कराने पर बनी सहमति
Rudrapur News: नगर पंचायत नानकमत्ता में अधिशासी अधिकारी (ईओ) के स्थानांतरण की मांग को लेकर सभासदों का धरना जारी है। महामारी फैलने की आशंका के बीच, पर्यावरण मित्रों की हड़ताल से सफाई व्यवस्था प्रभावित हो गई है। एसडीएम ने कंपनी प्रबंधन को चेतावनी दी है। सभासदों ने चेतावनी दी है कि यदि स्थानांतरण नहीं हुआ, तो आंदोलन तेज होगा।

Rudrapur News: नानकमत्ता, संवाददाता। नगर पंचायत नानकमत्ता में अधिशासी अधिकारी (ईओ) के स्थानांतरण की मांग को लेकर सभासदों का धरना मंगलवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। आंदोलन को समर्थन दे रहे पर्यावरण मित्रों की हड़ताल के कारण नगर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। मंगलवार को एसडीएम तुषार सैनी ने सितारगंज कार्यालय में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना और सफाई व्यवस्था संभाल रही कंपनी के प्रबंधन के साथ वार्ता की। एसडीएम ने नगर में बिगड़ी सफाई व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि घर-घर से कूड़ा एकत्र करने वाली अधिकृत कंपनी के कर्मचारियों की हड़ताल से संक्रामक रोग फैलने की आशंका है।
उन्होंने तत्काल काम पर नहीं लौटने पर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ आपदा अधिनियम के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी। शाम को नगर पंचायत अध्यक्ष टुरना ने पर्यावरण मित्रों से अलग से वार्ता की और नगर की खराब सफाई व्यवस्था को देखते हुए काम पर लौटने की अपील की। वार्ता के बाद पर्यावरण मित्रों ने मुख्य मार्गों की सफाई शुरू करने पर सहमति जताई। अध्यक्ष ने बताया कि मुख्य सड़कों से कूड़ा हटाने का कार्य शुरू करा दिया गया है। वहीं, धरने पर बैठे सभासदों ने कहा कि यदि ईओ का स्थानांतरण नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज करते हुए धरने को दिन-रात जारी रखा जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


