पुलिस मुठभेड़ में नशा तस्कर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Mar 02, 2026 07:00 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रुद्रपुर
share Share
Follow Us on

रुद्रपुर में नशा तस्करी के मामले में फरार आरोपी नदीम को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी। आरोपी के पास से तमंचा, कारतूस और नकदी बरामद की गई। एसएसपी ने बताया कि उसने मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्तता स्वीकार की है।

पुलिस मुठभेड़ में नशा तस्कर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

रुद्रपुर, संवाददाता। नशा तस्करी की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर पथराव के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी नदीम को रविवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस और नकदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, एक फरवरी को सुभाष कॉलोनी में स्मैक की खेप आने की सूचना पर एएनटीएफ और पुलिस टीम पहुंची थी। नदीम को हिरासत में लेने के दौरान उसके परिजनों ने टीम पर पथराव कर दिया था, जिसमें एक कांस्टेबल घायल हुआ था।

इस मामले में चार आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि नदीम फरार चल रहा था। रविवार देर रात होली पर्व को देखते हुए एएनटीएफ, एसओजी और पुलिस टीम सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि सुभाष कॉलोनी रुद्रपुर निवासी नदीम उर्फ नजीम उर्फ नाजिम पुत्र कल्लू बिना नंबर प्लेट की बाइक से सिडकुल की ओर से हल्द्वानी जा रहा है। सूचना पर पारले चौक स्थित निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास घेराबंदी की गई। पुलिस ने जब संदिग्ध बाइक को रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की। इस दौरान बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। गिरने के बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी। इसके बाद उसे घेरकर घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के पास से 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो कारतूस, नकदी और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद हुई है। एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्तता स्वीकार की है। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह पुलिस अभिरक्षा में है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।