Rudrapur News: यूएसनगर में रुक-रुककर हुई बारिश, कई इलाकों में जलभराव
Rudrapur News: ऊधमसिंह नगर जिले में देर रात से गुरुवार तक बारिश होती रही। जिले में औसतन 32.6 मिमी बारिश हुई, जसपुर में सबसे अधिक 190 मिमी दर्ज की गई। अगले दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। सभी प्रमुख नदियों का जलस्तर सामान्य है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Rudrapur News: रुद्रपुर, संवाददाता। ऊधमसिंह नगर जिले में बुधवार देर रात से गुरुवार तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में रुक-रुककर बारिश होती रही। पिछले 24 घंटों में जिले में औसतन 32.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री और न्यूनतम 25.9 डिग्री सेल्सियस रहा। जिला प्रशासन की डेली मॉर्निंग रिपोर्ट के अनुसार, सबसे अधिक 190 मिमी वर्षा जसपुर में दर्ज की गई। इसके अलावा काशीपुर में 100 मिमी, बाजपुर और गदरपुर में 54-54 मिमी, किच्छा में 48 मिमी, सितारगंज में 35 मिमी, खटीमा में 32 मिमी तथा रुद्रपुर में 18 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। पंतनगर विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एएस नैन ने बताया कि जिले में अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। काशीपुर में बुधवार देर शाम से गुरुवार सुबह तक हुई तेज बारिश से मुख्य बाजार और कई कॉलोनियों में जलभराव हो गया, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। फॉल्ट आने से कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही। खटीमा और किच्छा में भी दिनभर बादल छाए रहे और बीच-बीच में हल्की बारिश होती रही。
नदियां और जलाशय सामान्य स्थिति में
जिला आपदा परिचालन केंद्र (डीईओसी) की रिपोर्ट के अनुसार, जिले की सभी प्रमुख नदियों का जलस्तर चेतावनी स्तर से नीचे है। सुखी/बैगुल, कैलाश, जगबूढ़ा, परवीन, देवहा, कमान, ढेला और फीका नदियां सामान्य रूप से बह रही हैं। मुख्य शारदा नहर में 11,242 क्यूसेक जल प्रवाह दर्ज किया गया, जो सुरक्षित स्तर पर है। बैगुल, नानकसागर, शारदा सागर, बौर, हरिपुरा, तुमरिया और धौरा जलाशयों का जलस्तर भी सामान्य है। किसी जलाशय से अतिरिक्त पानी नहीं छोड़ा जा रहा है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी ने बताया कि जिले में सड़क, बिजली, संचार और पेयजल आपूर्ति पूरी तरह सुचारु है। लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।


