Rudrapur News: ईंट से हमला कर युवक की हत्या करने का आरोपी गिरफ्तार
Rudrapur News: रुद्रपुर में लूडो खेलने के दौरान विवाद के बाद एक युवक की ईंट से हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी तौफीक उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया, जिसने वारदात में इस्तेमाल की गई खून से सनी ईंट भी बरामद कराई। मामला गंभीर होने के कारण पुलिस ने धाराएं भी बदलकर कार्रवाई की।

Rudrapur News: रुद्रपुर, संवाददाता। खेड़ा क्षेत्र में लूडो खेलने के दौरान हुए विवाद में युवक के सिर पर ईंट से हमला कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून से सनी ईंट भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, वार्ड नंबर 18 खेड़ा निवासी फरमान पुत्र अजीज ने 12 अगस्त को कोतवाली रुद्रपुर में तहरीर दी थी। इसमें बताया था कि गोलू नाम के युवक ने उसके भाई 27 वर्षीय शाहनवाज के सिर पर जान से मारने की नीयत से ईंट से हमला किया। गंभीर रूप से घायल शाहनवाज का अस्पताल में उपचार चल रहा था, जहां 13 अगस्त की रात उसकी मौत हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पहले दर्ज मुकदमे में धारा 109 बीएनएस के तहत कार्रवाई की थी। शाहनवाज की मौत के बाद मुकदमे को धारा 103 बीएनएस में तरमीम कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में टीम ने 14 अगस्त की रात आरोपी तौफीक उर्फ गोलू को किच्छा बाईपास रोड स्थित एफएसएल के पास से गिरफ्तार कर लिया। रम्पुरा चौकी प्रभारी एसआई दीपक कौशिक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी भी वार्ड नंबर 18 खेड़ा का निवासी है। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल खून से सनी ईंट बरामद की गई। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस टीम में एसआई दीपक कौशिक, उपनिरीक्षक धीरज टम्टा, हेड कांस्टेबल राजकुमार और कांस्टेबल महेंद्र कुमार शामिल रहे।


