भूमि विवाद में छोटे ने की बड़े भाई की गोली मारकर हत्या

Newswrap हिन्दुस्तान, रुद्रपुर
share

गदरपुर के ग्राम बकैनिया में रविवार रात भूमि विवाद के चलते छोटे भाई ने बड़े भाई को गोली मार दी। सर्वेश्वर सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।

भूमि विवाद में छोटे ने की बड़े भाई की गोली मारकर हत्या

गदरपुर, संवाददाता। क्षेत्र के ग्राम बकैनिया में रविवार देर रात दो सगे भाइयों के बीच लंबे समय से चल रहे भूमि विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। इसमें छोटे भाई ने बड़े भाई को तमंचे से गोली मार दी। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सोमवार को एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और पुलिस को जांच के निर्देश दिए। जानकारी के अनुसार, ग्राम बकैनिया निवासी 60 वर्षीय सर्वेश्वर सिंह और उनके तीन भाइयो में काफी समय से लगभग आधा एकड़ वर्ग 4 की भूमि के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार रात सर्वेश्वर और उनके सबसे छोटे भाई के बीच इसको लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के दौरान दोनों में पहले गाली-गलौज हुई और फिर हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान छोटे भाई ने आवेश में आकर तमंचा निकाल लिया और सर्वेश्वर पर गोली चला दी। गोली लगते ही सर्वेश्वर गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजन गंभीर रूप से घायल सर्वेश्वर को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सोमवार सुबह एसएसपी अजय गणपति ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की निष्पक्ष जांच के लिए गदरपुर पुलिस को निर्देश दिए। एसएसपी ने बताया कि दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। थाने में पीड़ित पक्ष की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।