वैज्ञानिक दृष्टिकोण को मजबूत करेगी कार्यशाला : ग्रोवर
भारत सरकार और इसरो के सहयोग से डीपीएस रुद्रपुर में डिजिटल मौसम मापन यंत्र निर्माण पर कार्यशाला हुई। इसमें 20 विद्यालयों के शिक्षक और छात्र शामिल हुए। विशेषज्ञों ने छात्रों को उपकरण बनाने और डेटा संकलन की प्रक्रिया सिखाई। कार्यशाला के बाद छात्रों को डिजिटल उपकरण दिए जाएंगे, जिससे वे मौसम से संबंधित आंकड़े साझा कर सकेंगे।
रुद्रपुर, संवाददाता। भारत सरकार एवं इसरो के संयुक्त तत्वावधान में स्पेक्स देहरादून द्वारा डीपीएस रुद्रपुर में बुधवार को डिजिटल मौसम मापन यंत्र निर्माण एवं उपयोग विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला शुरू हुई। इसमें 20 विद्यालयों के विज्ञान शिक्षक और छात्र-छात्राओं ने प्रथम दिवस के प्रशिक्षण सत्र में भाग लिया। कार्यशाला का शुभारंभ प्रधानाचार्य चेतन चौहान ने किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड मौसम के लिहाज से संवेदनशील राज्य है, इसलिए वैज्ञानिक जानकारी और जागरूकता जनजीवन को सुरक्षित बनाने में सहायक होती है। विद्यालय के चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर ने बताया कि इस कार्यशाला से विद्यार्थियों में शोधभावना, विश्लेषण क्षमता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण मजबूत होगा।
प्रथम दिवस के सत्र में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के विशेषज्ञ राघव शर्मा और सचिन शर्मा ने छात्रों को डिजिटल मौसम यंत्र बनाना, उसका उपयोग करना और इसरो भुवन एप के माध्यम से डेटा संकलन की प्रक्रिया सिखाई। विशेषज्ञों ने बताया कि कार्यशाला के बाद प्रत्येक विद्यालय को डिजिटल उपकरण उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे विद्यार्थी एक वर्ष तक मौसम से संबंधित आंकड़े मापकर इसरो के पोर्टल पर साझा कर सकेंगे। इससे विद्यार्थी भूमि उपयोग, वनस्पति परिवर्तन, जल स्रोत निगरानी, जलवायु एवं भौगोलिक जोखिमों का विश्लेषण, जीआईएस तकनीक का प्रारंभिक उपयोग और उपग्रह डेटा की तुलना सीख सकेंगे। स्पेक्स के शंकर दत्त ने बताया कि कार्यशाला के आयोजन के लिए रुद्रपुर के साथ-साथ अल्मोड़ा जिले के साल्ट ब्लॉक और पौड़ी जिले के नैनीडांडा ब्लॉक को भी चुना गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




