रुद्रपुर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कार्यक्रम
गुरुकुल इंटर कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का उत्सव धूमधाम से मनाया गया। मुख्य अतिथि डॉ. अंशुल टंडन ने कार्यक्रम की शुरुआत की। विद्यालय प्रबंधक ने महिलाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। 150 महिलाओं को सम्मानित किया गया और मेधावी छात्रों की माताओं को पुरस्कार दिए गए। कार्यक्रम महिला सम्मान और समानता के संकल्प के साथ समाप्त हुआ।

रुद्रपुर। गुरुकुल इंटर कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला चिकित्सालय रुद्रपुर की डॉ. अंशुल टंडन ने दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यालय प्रबंधक सुधांशु मंडल ने कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के बिना किसी भी समाज की प्रगति संभव नहीं है। वहीं प्रधानाचार्य एसपी सरकार ने कहा कि नारी परिवार, समाज और राष्ट्र की आधारशिला है, जिनका त्याग, समर्पण और सेवा भाव पूरे समाज को प्रेरित करता है। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने नाटक, नृत्य और कला प्रस्तुतियों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, लैंगिक समानता और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन का संदेश दिया।कार्यक्रम
के दौरान समाज सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली लगभग 150 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों, बीएलओ, आशाओं और महिला शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। साथ ही उत्तराखंड बोर्ड की कक्षा 10वीं की परीक्षा में 94 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले छात्र अंबुज शर्मा सहित सात अन्य मेधावी छात्रों की माताओं को कमला नेहरू पुरस्कार के तहत 1000 रुपये की धनराशि चेक के माध्यम से प्रदान की गई। कार्यक्रम का समापन महिला सम्मान और समाज में समानता के संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम में सीडीपीओ आशा नेगी, बीआरसी रुद्रपुर की किरण शर्मा, निर्मला, राज्य पुरस्कार से सम्मानित प्रोन्नती शाहा, शिक्षिका रीता रॉय, गायिका रुपाकान्ती, थाना ट्रांजिट कैंप की उपनिरीक्षक नेहा ध्यानी तथा पार्षद सुशील मंडल मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


