Rudrapur News: उमरूकला व चारूबेटा ग्राम पंचायतें अब जारी करेंगी उमरूखुर्द व मुंडेली के प्रमाण पत्र
Rudrapur News: खटीमा। नगर पालिका परिषद खटीमा की सीमा वृद्धि के बाद सीमा निर्धारण से बाहर रह गए उमरूखुर्द और मुंडेली के आबादी क्षेत्रों को लेकर प्रशासन ने महत्वपूर्ण

Rudrapur News: खटीमा, संवाददाता। नगर पालिका परिषद खटीमा की सीमा वृद्धि के बाद सीमा निर्धारण से बाहर रह गए उमरूखुर्द और मुंडेली के आबादी क्षेत्रों को लेकर प्रशासन ने महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। डीएम ने दोनों ग्राम पंचायतों के निवासियों के जन्म-मृत्यु पंजीकरण एवं प्रमाण पत्र उमरूकला व चारूबेटा ग्राम पंचायत को जारी करने के निर्देश दिए हैं। जारी आदेश के अनुसार, कंजाबाग वार्ड 11 हिलव्यू कॉलोनी निवासी महेश सिंह राणा, गोविंद सिंह आदि ने 28 मई 2026 को पत्र देकर बताया था कि नगर पालिका की सीमा वृद्धि के बाद उमरूखुर्द और मुंडेली की आबादी का कुछ हिस्सा न तो नगर पालिका की सीमा में शामिल हो पाया और न ही उसे किसी नवीन ग्राम पंचायत में शामिल किया गया।
इससे संबंधित परिवारों को मूलभूत सुविधाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन को दी गई जानकारी में उमरूखुर्द के 300 परिवार तथा मुंडेली के 150 परिवार सीमा निर्धारण से प्रभावित बताए गए हैं। शिकायत में इन क्षेत्रों को पालिका सीमा में शामिल करने अथवा नई ग्राम पंचायत गठित करने का अनुरोध किया गया था। मामले में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), विकासखंड खटीमा की 19 अगस्त 2026 की आख्या के आधार पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने सुझाव दिया कि नगर पालिका खटीमा में शामिल होने के बाद उमरूखुर्द और मुंडेली के जो अवशेष क्षेत्र नगर पालिका अथवा संबंधित ग्राम पंचायत में शामिल नहीं हो पाए हैं, उन्हें क्रमशः ग्राम पंचायत उमरूकला एवं मुंडेली में शामिल किया जाए। इसी क्रम में डीएम ने जिला रजिस्ट्रार जन्म-मृत्यु के रूप में ग्राम पंचायत उमरूकला एवं चारूबेटा, विकासखंड खटीमा के संबंधित रजिस्ट्रारों को निर्देशित किया है कि उमरूखुर्द एवं मुंडेली के अवशेष क्षेत्रों के निवासियों के जन्म-मृत्यु का पंजीकरण तथा प्रमाण पत्र संबंधित ग्राम पंचायतों से अग्रिम आदेश तक जारी करना सुनिश्चित करें।


