
सूखी नदी पर पुल के पिलरों को खोद रहा खनन माफिया
शक्तिफार्म में अवैध मिट्टी खनन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। सूखी नदी पर बने पुल के पिलरों से खनन माफिया लगातार मिट्टी खनन करा रहा है। तहसीलदार हिमां
सितारगंज, संवाददाता। शक्तिफार्म क्षेत्र में सूखी नदी पर बने पुल के पिलरों के आसपास खनन माफिया द्वारा लगातार अवैध मिट्टी खनन कराए जाने का मामला सामने आया है। तहसीलदार हिमांशु जोशी के निर्देश पर शुक्रवार को राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया, जिसमें अवैध खनन की पुष्टि हुई है। इसके बावजूद राजनगर और निर्मलनगर सहित आसपास के क्षेत्रों में प्रशासन के प्रयासों के बाद भी खनन माफिया पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। वहीं गत दिवस तहसीलदार ने खनन में प्रयुक्त वाहन को जब्त किए जाने के दौरान विरोध और वाहन छुड़ाकर ले जाने के मामले में 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया है।
शक्तिफार्म क्षेत्र की सूखी नदी के किनारे बसे रुद्रपुर, निर्मलनगर और राजनगर के बाद अब सुरेंद्रनगर क्षेत्र में भी अवैध मिट्टी खनन का कार्य तेज हो गया है। सूखी नदी पर करीब 180 मीटर लंबा पुल बना हुआ है, जो औद्योगिक क्षेत्र को शक्तिफार्म से जोड़ता है। इस पुल से प्रतिदिन हजारों कर्मचारी और ग्रामीणों का आवागमन होता है। नदी तल और पुल के पिलरों के आसपास खनन गतिविधियां पुल की सुरक्षा के लिहाज से अत्यंत संवेदनशील मानी जा रही हैं, जिससे सेतु के क्षतिग्रस्त होने का खतरा बना हुआ है। इधर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अजेंद्र जोशी ने एसडीएम, कोतवाल और चौकी प्रभारी को पत्र भेजकर पुल के आसपास हो रहे अवैध खनन को तत्काल रोकने के लिए सख्त कार्रवाई का अनुरोध किया है। तहसीलदार हिमांशु जोशी ने बताया कि राजस्व टीम ने पुल के नीचे सरकारी भूमि में हुए अवैध खनन की पुष्टि की है और अग्रिम कार्रवाई के लिए रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




