Rudrapur News: बरसात से जलमग्न हुई धान की फसल, किसानों ने मांगा मुआवजा
Rudrapur News: गूलरभोज में पिछले दो दिनों से लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। ठंडी नदी से निकलने वाली नहर के ओवरफ्लो से किसानों की धान की फसल जलमग्न हो गई है। किसानों ने प्रशासन से फसल नुकसान का सर्वे कराने और उचित मुआवजा मांगने की अपील की है।
Rudrapur News: गूलरभोज। बीते दो दिनों से लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वहीं, खेतों में पानी भरने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। क्षेत्र में कई किसानों की कई एकड़ धान की फसल जलमग्न हो गई है। किसान सुखविंदर सिंह समेत अन्य किसानों ने बताया कि ठंडी नदी से निकलने वाली नहर के ओवरफ्लो होने से खेतों में पानी भर गया है। इससे धान की फसल को भारी नुकसान हुआ है। लगातार बारिश के चलते खेतों से पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। ऐसे में तैयार हो रही धान की फसल खराब होने की आशंका बनी हुई है।
किसानों के अनुसार, फसल तैयार करने में पहले ही काफी लागत खर्च हो चुकी है। अब फसल खराब होने से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। किसानों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे कराकर फसल नुकसान का आकलन करने और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।


