Rudrapur News: शांतिपुरी में 18-19 को गूंजेंगे मां नंदा देवी के जयकारे
Rudrapur News: शांतिपुरी में 18 और 19 सितंबर को मां नंदा देवी मंदिर में नंदा अष्टमी महोत्सव का आयोजन होगा। मेला कमेटी की बैठक में महोत्सव की तैयारियों और सदस्यों की जिम्मेदारियों पर चर्चा हुई। पारंपरिक कुमाउनी संस्कृति को ध्यान में रखते हुए आयोजन की भव्यता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर जोर दिया गया।
Rudrapur News: शांतिपुरी, संवाददाता। शांतिपुरी नंबर दो ढांकानी स्थित मां नंदा देवी मंदिर परिसर में 18 और 19 सितंबर को नंदा अष्टमी महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। महोत्सव की तैयारियों को लेकर बुधवार को मंदिर परिसर में मेला कमेटी की बैठक हुई। इसमें सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में महोत्सव को पारंपरिक कुमाउनी संस्कृति के अनुरूप भव्य और आकर्षक बनाने पर चर्चा की गई। मंदिर के रंग-रोगन व सजावट, पारंपरिक वाद्य यंत्रों की खरीद, श्रद्धालुओं की सुविधाओं समेत अन्य व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श किया गया। कमेटी ने आयोजन से जुड़े सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने का निर्णय लिया।
मेला कमेटी ने महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर की स्वच्छता और धार्मिक मर्यादा बनाए रखने का भी संकल्प लिया। पूरे मेला परिसर को स्वच्छ और धूम्रपान मुक्त रखने का निर्णय लिया गया। बैठक में पूर्व प्रधान बिशन सिंह कोरंगा, राम सिंह कोरंगा, हयात सिंह कोरंगा, सैनिक संगठन अध्यक्ष लाल सिंह कोरंगा, कमेटी कोषाध्यक्ष लाल सिंह टाकुली, मोहन सिंह कोरंगा, उमेद सिंह कोरंगा, चंदन सिंह कोरंगा, त्रिलोक सिंह कोरंगा, विनोद कोरंगा, महेश कोरंगा, पुष्कर सिंह कोरंगा समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।


