Hindi NewsUttarakhand NewsRudrapur NewsGrand Nagar Kirtan Celebrates Guru Nanak Dev Ji s Birth Anniversary in Rudrapur
श्री गुरुनानक प्रकाश पर्व पर निकला भव्य नगर कीर्तन

श्री गुरुनानक प्रकाश पर्व पर निकला भव्य नगर कीर्तन

संक्षेप:

रुद्रपुर में श्री गुरुनानक देव जी के प्रकाश पर्व पर नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। शहरभर में श्रद्धालुओं ने भाग लिया, जिसमें गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी के साथ पारंपरिक झांकियाँ और नृत्य प्रस्तुत किए गए। महिलाएं सड़कों की सफाई में जुटी रहीं और रागी जत्थों ने भजन-कीर्तन से वातावरण को भक्तिमय बनाया।

Tue, 4 Nov 2025 07:47 PMNewswrap हिन्दुस्तान, रुद्रपुर
share Share
Follow Us on

रुद्रपुर, संवाददाता। श्री गुरुनानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर मंगलवार को नगर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्री गुरु ग्रंथ साहिब की अगुवाई में निकले भव्य नगर कीर्तन में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। नगर कीर्तन श्री गुरुनानक हायर सेकेंडरी स्कूल, आदर्श कॉलोनी से प्रारंभ होकर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, गोल मार्केट में संपन्न हुआ। मार्ग में जगह-जगह फूल वर्षा कर संगत ने नगर कीर्तन का स्वागत किया और प्रसाद वितरित किया। नगर कीर्तन में पंच प्यारे पारंपरिक वेशभूषा में गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी की अगुवाई कर रहे थे। उनके पीछे सजी झांकियों में पंजाबी संस्कृति, धार्मिक परंपरा और सामाजिक संदेशों की सुंदर झलक देखने को मिली।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

गतका पार्टी के निहंगों ने हैरतअंगेज करतब दिखाए। स्कूलों के विद्यार्थियों ने पंजाबी संस्कृति, गुरु परंपरा और सामाजिक जागरूकता पर आधारित आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं। बच्चों ने श्री गुरुनानक देव जी की शिक्षाओं पर आधारित नृत्य और लघुनाटिकाएं प्रस्तुत कीं। पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, राष्ट्रीय एकता और 'बेटी बचाओ' जैसे संदेशों को झांकियों और पोस्टरों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। महिलाओं ने श्रद्धा से सड़कों की सफाई कर सेवा का उदाहरण पेश किया। रागी जत्थों ने भजन-कीर्तन से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। बुजुर्ग श्रद्धालु भी ई-रिक्शा में बैठकर नगर कीर्तन में शामिल हुए। पूरे शहर में वाहे गुरु जी का खालसा, वाहे गुरु जी की फतेह के जयघोष गूंजते रहे। बुधवार को गुरुद्वारा साहिब में अमृतसर, लुधियाना और दिल्ली से आए प्रसिद्ध रागी जत्थों के कीर्तन दीवान भी आयोजित किए जाएंगे।