राज्यपाल ने विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा की
संक्षेप: राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने पंतनगर में बैठक की, जिसमें जिले के विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा की गई। उन्होंने ऊधमसिंह नगर को प्रधानमंत्री जनमन योजना में शीर्ष पांच जिलों में शामिल होने पर बधाई दी। राज्यपाल ने कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य में सुधार के लिए विभिन्न योजनाओं पर चर्चा की।
पंतनगर, संवाददाता। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) मंगलवार शाम जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर पहुंचे। उन्होंने तराई भवन में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा और सीडीओ दिवेश शाशनी के साथ बैठक कर जिले में चल रहे विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा की। राज्यपाल ने जनपद ऊधमसिंह नगर को प्रधानमंत्री जनमन योजना में देश के शीर्ष पांच जिलों में स्थान मिलने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्वारा जनपद को पुरस्कृत किया जाना पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है। उन्होंने जनमन योजना में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को सम्मानित करने के निर्देश दिए।

बैठक में डीएम ने बताया कि ग्रीष्मकालीन धान की खेती पर रोक लगाकर किसानों को गन्ना, मक्का और दलहन की खेती के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर 8 नवंबर को नानकसागर बांध में वाटर स्पोर्ट्स कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। एसएसपी ने कानून व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत सरकार ने जिले में फॉरेंसिक लैब की स्वीकृति दी है, जिसके लिए किच्छा में भूमि चिह्नित कर ली गई है। सीडीओ ने बताया कि शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए व्यापक कार्य किए जा रहे हैं। राज्यपाल ने पंतनगर विश्वविद्यालय में हनी क्रांति, सेमीकंडक्टर तकनीक, महिला स्वयं सहायता समूहों को ड्रोन दीदी योजना के माध्यम से कृषि से जोड़ने, बीज उत्पादन बढ़ाने और कृषि में शोध एवं तकनीक को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। इस मौके पर पंतनगर विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार डॉ. दीपा विनय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




