शक्तिफार्म में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने किया 1200 मरीजों का इलाज
शक्तिफार्म में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन हुआ जिसमें कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने शुभारंभ किया। 1200 मरीजों का परीक्षण 25 विशेषज्ञ डॉक्टरों ने किया। नि:शुल्क जांचों में ईसीजी, ब्लड शुगर और अन्य महत्वपूर्ण परीक्षण शामिल थे। कई मरीजों में गंभीर बीमारियों के लक्षण पाए गए। विशेषज्ञों ने आगे के उपचार के लिए परामर्श दिया।
शक्तिफार्म, संवाददाता। कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा के सहयोग से शनिवार को शक्तिफार्म स्थित स्वामी विवेकानंद बंग भवन में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इसमें करीब 1200 मरीजों का विशेषज्ञ डॉक्टरों ने परीक्षण किया। साथ ही उन्हें नि:शुल्क जांच एवं दवाएं उपलब्ध कराईं गईं। शिविर का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने किया। इसमें दिल्ली-एनसीआर के प्रतिष्ठित अस्पतालों मेदांता, मैक्स, सुमित्रा, कैलाश, यथार्थ और फोर्टिस के 16 विशेषज्ञ चिकित्सकों सहित कुल 25 डॉक्टरों की टीम ने सेवाएं दीं। सुबह से ही मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं। शिविर में ईसीजी, ब्लड शुगर, यूरिक एसिड और लिपिड प्रोफाइल जैसी महत्वपूर्ण जांचें की गईं।
साथ ही न्यूरोलॉजी, यूरोलॉजी, बाल रोग, ईएनटी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, दंत रोग, अस्थि रोग, एंडोस्कोपी और फाइब्रोस्कैन जैसी विशेषज्ञ सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। जांच के दौरान कई मरीजों में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, जोड़ों से संबंधित समस्याओं तथा अन्य गंभीर बीमारियों के शुरुआती लक्षणों की पहचान की गई। उन्हें आगे के उपचार के लिए आवश्यक परामर्श भी दिया गया। मेदांता अस्पताल के एमडी डॉ. जीसी वैष्णव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों तक पहुंचने में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे शिविरों के माध्यम से समय रहते स्वास्थ्य परीक्षण और विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराया जा सकता है। यहां चेयरमैन सुमित मंडल, संजय बाछाड़, केपी मंडल, मयंक अग्रवाल, मनोज सरकार, सुनीता सरकार, विक्रम सिंह भंडारी, देवाशीष पोद्दार, राघव सिंह, रमेश राय, राजा हालदार मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


