पंचायत की खुली बैठक में राशन कार्ड, पेंशन आदि की समस्या उठी
शांतिपुरी के ग्राम खामियां नंबर एक में मंगलवार को ग्राम सभा की पहली खुली बैठक हुई। प्रधान दीपा कांडपाल ने पंचायत भवन का उद्घाटन किया और ग्रामीणों से विकास के लिए समस्याएँ साझा करने की अपील की। बैठक में राशन कार्ड, मनरेगा, और जल निकासी जैसी समस्याएँ उठाई गईं। किसानों को ऑर्गेनिक खेती अपनाने का सुझाव दिया गया।
शांतिपुरी, संवाददाता। मंगलवार को ग्राम खामियां नंबर एक में ग्राम सभा की प्रथम खुली बैठक हुई। बैठक का शुभारंभ ग्राम प्रधान दीपा कांडपाल ने गांव में नवनिर्मित पंचायत भवन पर नारियल तोड़कर किया। उन्होंने ग्रामीणों से गांव के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न विभागों से आए अधिकारियों के समक्ष अपने-अपने प्रस्ताव एवं समस्याएं रखने की अपील की। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि समस्याओं के समाधान में हर संभव सहयोग किया जाएगा। बैठक के दौरान ग्रामीणों ने राशन कार्ड केवाईसी, मनरेगा कार्यों, खाद्यान्न वितरण, नाली निर्माण, गौशाला तथा चरई निर्माण एवं गांव से जल निकासी के लिए नाली निर्माण जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

सहायक कृषि निदेशक शिवदत्त पाण्डे ने किसानों को रासायनिक खादों के प्रयोग से बचते हुए ऑर्गेनिक खेती अपनाने का सुझाव दिया। इस दौरान अधिकांश ग्रामीणों ने ग्राम विकास विभाग व दूसरे विभागों की अनुदान योजनाओं की प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सरलीकरण करने की मांग की। जिससे ग्रामीणों को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ मिल सके। बैठक पंचायत सेक्रेटरी तनुज धामी, विजेंद्र जोशी, गोपाल दत्त उपाध्याय, जगदीश कांडपाल, चंद्र मोहन जोशी, दिगंबर प्रसाद जोशी, पूर्व प्रधान किशन सिंह चौहान, कमल टोला, कैलाश चंद्र जोशी, दीवान बिष्ट, भोपाल सिंह खटोला, पूरन सिंह चौहान, खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी भरत सिंह राणा, पटवारी साधना राणा, विक्रम सिंह ठठोला सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




