Rudrapur News: धान खरीद शुरू न होने पर किसानों का मंडी गेट पर हंगामा, लगाया जाम
Rudrapur News: खटीमा में किसानों ने धान की खरीद न होने से नाराज होकर मंडी गेट पर ताला जड़कर प्रदर्शन किया। किसानों का कहना है कि प्रशासन ने एक अक्टूबर से खरीद शुरू करने का आश्वासन दिया था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अंततः एसडीएम के आश्वासन पर किसानों ने धरना खत्म किया, लेकिन अगर खरीद शुरू नहीं हुई, तो वे फिर से प्रदर्शन करेंगे।
Rudrapur News: खटीमा, संवाददाता। धान खरीद शुरू नहीं होने से नाराज किसानों ने गुरुवार को मंडी गेट पर ताला जड़कर प्रदर्शन किया और धान से भरी ट्रैक्टर ट्रॉलियां गेट के बाहर खड़ी कर जाम लगा दिया। किसानों का कहना था कि प्रशासन ने एक अक्तूबर से धान खरीद शुरू करने की बात कही थी। इसी उम्मीद में किसान अपनी उपज लेकर मंडी पहुंचे, लेकिन खरीद शुरू नहीं होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष गुरसेवक सिंह, चढ़ूनी ग्रुप के मनजिंदर भुल्लर समेत अन्य किसान नेताओं और प्रशासन के बीच सुबह से दो दौर की वार्ता हुई, लेकिन दोनों दौर बेनतीजा रहे।
किसान नेताओं ने कहा कि जब प्रशासन ने किसानों को मंडी बुलाया है तो अब धान से भरी ट्रैक्टर ट्रॉलियां वापस ले जाना संभव नहीं है। किसानों के मुताबिक मंडी तक आने में करीब दो हजार रुपये डीजल खर्च हो चुका है। मामले के समाधान के लिए डिप्टी आरएमओ लगातार उच्चाधिकारियों और राइस मिलरों से वार्ता करते रहे, लेकिन देर तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। उन्होंने किसानों से ट्रैक्टर ट्रॉलियां हटाकर जाम खोलने और एक-दो दिन का समय देने की अपील की, लेकिन किसान मांग पर अड़े रहे। उन्होंने कहा कि धान खरीद शुरू होने तक मंडी से नहीं हटेंगे। इसकी जानकारी मिलने पर विभिन्न किसान संगठनों ने भी किसानों से मंडी पहुंचने की अपील की, जिसके बाद धीरे-धीरे किसानों की संख्या बढ़ती गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। प्रदर्शन में नानकमत्ता तहसील अध्यक्ष लखविंदर सिंह, जिला सचिव जरनैल सिंह, जसविंदर सिंह पप्पू, बलविंदर सिंह समेत कई किसान मौजूद रहे。
एसडीएम के आश्वासन पर धरना समाप्त करने को राजी हुए किसान
खटीमा। एसडीएम तुषार सैनी के आश्वासन पर किसान धरना समाप्त करने को राजी हो गए। एसडीएम ने राइस मिलर को गुरुवार को मंडी पहुंची पांच ट्रॉलियों का धान खरीदने के निर्देश दिए। इसके बाद किसानों और राइस मिलर के बीच पांच ट्रॉलियों की खरीद पर सहमति बनी। राइस मिलर यूनियन के अध्यक्ष ईश्वर बंसल ने कहा कि विभाग से अभी कोड जारी नहीं हुआ है, इसलिए धान खरीद संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि राइस मिलरों को वर्ष 2019 से पुराने चावल का भुगतान नहीं हुआ है। मंडी शुल्क के ढाई प्रतिशत की वापसी पर भी सहमति नहीं बनी है। इसके अलावा मिलों से कुटा हुआ चावल अभी तक नहीं उठाया गया है, जिससे मिलरों की स्थिति खराब है। एसडीएम के अनुरोध पर किसान नेताओं ने तीन अक्तूबर को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को पांच अक्तूबर तक स्थगित कर दिया। किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष गुरसेवक सिंह ने कहा कि पांच अक्तूबर से यदि सुचारू रूप से धान की तौल शुरू नहीं हुई तो फिर धरना-प्रदर्शन के साथ मंडी में जाम लगाया जाएगा।


