खाद वितरण पर पाबंदी से किसान नाराज
रुद्रपुर में सहकारी समितियों में उर्वरक वितरण पर लगी सीमा को लेकर किसानों और समिति पदाधिकारियों में रोष बढ़ रहा है। किसानों के लिए 5 बैग खाद अपर्याप्त है, जिससे फसल उत्पादन प्रभावित होने का खतरा है। समिति पदाधिकारियों ने एडीएम से समस्या का समाधान करने की मांग की है।
सतीराम राना, रुद्रपुर। सहकारी समितियों में उर्वरक वितरण पर लगी सीमा को लेकर किसानों और समिति पदाधिकारियों में रोष बढ़ता जा रहा है। इस संबंध में सहकारी समितियों के चेयरमैन और संचालकों ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंच कर एडीएम कौस्तुभ मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि जिले की सभी सहकारी समितियों के किसानों की फसली ऋण एवं उर्वरक ऋण सीमा जिला सहकारी बैंक ऊधमसिंह नगर से स्वीकृत होती है। मुख्य कृषि अधिकारी के 31 मार्च 2026 के पत्र के अनुसार एक कृषक को बिना अनुमति 5 बैग से अधिक यूरिया, डीएपी व अन्य खाद की बिक्री पर रोक लगा दी गई है।
समिति पदाधिकारियों का कहना है कि एक से 10 एकड़ तक भूमि रखने वाले किसानों के लिए 5 बैग खाद पर्याप्त नहीं है। इससे फसल उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है और किसानों में भारी नाराजगी है। साथ ही, खाद वितरण में अव्यवस्था उत्पन्न हो गई है, जिससे समितियों को आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पूर्व की भांति खाद वितरण व्यवस्था बहाल कर किसानों की समस्या का शीघ्र समाधान किया जाए। इस दौरान ज्ञान सिंह चौहान, जसवीर सिंह, सौरभ अरोरा, प्रहलाद सिंह राणा, अमरजीत कौर, नरेन्द्र ठुकराल, सुखविन्दर सिंह और केपी मंडल समेत कई समितियों के अध्यक्ष मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


