
जान से मारने की कोशिश और मकान पर कब्जा करने का आरोप
रुद्रपुर में एक व्यक्ति ने अपनी भाभी और भतीजे पर जबरन मकान पर कब्जा करने, मारपीट करने और हत्या की कोशिश करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोप के अनुसार, भाभी ने मकान का ताला तोड़कर पत्नी को बाहर निकाला और विरोध करने पर हमला किया।
रुद्रपुर, संवाददाता। थाना ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी भाभी और भतीजे पर मकान पर जबरन कब्जा करने, मारपीट करने और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, जगतपुरा निवासी भारत सिंह ने तहरीर में बताया कि उनके पिता मंगल सिंह को वर्ष 1987 में पट्टे की भूमि आवंटित की गई थी। पिता ने उक्त भूमि पर दो कमरे और चहारदीवारी का निर्माण कराया था। बाद में आवश्यकता अनुसार एक अतिरिक्त कमरा और बाथरूम भी बनवाया गया।
बताया कि उनके भाई जसवंत भी परिवार सहित उसी मकान में रहते थे। वर्ष 1994 में पिता और वर्ष 2020 में भाई की मृत्यु के बाद भाई की पत्नी संजू सिंह अपने परिवार के साथ मकान के एक हिस्से में रहने लगी। बताया कि 21 सितंबर 2025 को वह दवा लेने के लिए घर से बाहर गए थे। इसी दौरान भाभी संजू सिंह अपने बेटे आशीष के साथ मौके पर पहुंची और मुख्य गेट का ताला तोड़कर उनकी पत्नी को घर से बाहर निकाल दिया। आरोप है कि जब वह लौटे और विरोध किया तो आरोपियों ने लाठियों से हमला किया और उनकी पत्नी का गला दबाकर मारने की कोशिश की। शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए और मकान खाली न करने पर जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी मोहन चंद्र पांडे ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




