अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आया फैक्ट्री कर्मी, शव मिला एक किमी. दूर
रुद्रपुर रोड स्थित बंसत गार्डन के सामने अनियंत्रित भूसे से भरे ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आए फैक्ट्री कर्मी का शव घटनास्थल से एक किमी. दूर किशनपुर र
किच्छा, संवाददाता। एनएच-74 रुद्रपुर रोड स्थित बंसत गार्डन के सामने एक हादसे में फैक्ट्री कर्मी की मौत हो गई। अनियंत्रित भूसे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने के बाद उसका शव घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर किशनपुर रोड किनारे नहर में मिला। पुलिस को आशंका है कि ट्रैक्टर चालक ने हादसे के बाद शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की। मृतक की पहचान 42 वर्षीय रामवीर सिंह पुत्र समरपाल सिंह निवासी ग्राम मिर्जापुर बकैना, जिला बिजनौर के रूप में हुई है। वह इंटार्क फैक्ट्री में फिटर के पद पर कार्यरत था और रुद्रपुर रोड स्थित बनखंडी कॉलोनी में किराये पर रहता था।
आठ अप्रैल की रात करीब साढ़े दस बजे वह ड्यूटी खत्म कर पैदल घर लौट रहा था, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। घटना के बाद रामवीर लापता हो गया। अगले दिन तक कोई जानकारी न मिलने पर फैक्ट्री प्रबंधन और परिजन चिंतित हो गए। शुक्रवार सुबह फैक्ट्री के मेंटेनेंस हेड मनमोहन सिंह ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें रामवीर को बंसत गार्डन के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आते देखा गया। फुटेज में वाहन के खेत में घुसने और बाद में जेसीबी व हाइड्रा की मदद से बाहर निकालकर फरार होने की भी पुष्टि हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल पर रामवीर के दाहिने हाथ की कलाई अलग पड़ी मिली, जिससे हादसे की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। बाद में तलाश के दौरान पुलिस को शव किशनपुर रोड किनारे नहर में बरामद हुआ। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में मृतक के भाई प्रमादेव सिंह की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। कोतवाल प्रकाश सिंह दानू ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली और चालक की पहचान के प्रयास जारी हैं। वहीं, क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह धौनी ने कहा कि पुलिस को अहम सुराग मिले हैं और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।----फोटो परिचय: 11 केसीएच 1पी- रामवीर सिंह (फाइल फोटो)
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


