हल्द्वानी आर्मी स्टेशन में वीर नारियों व पूर्व सैनिकों को किया सम्मानित
रुद्रपुर में शनिवार को आर्मी स्टेशन हेड क्वार्टर हल्द्वानी में पूर्व सैनिक आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को सम्मानित किया गया। यह पहल पूर्व सैनिकों की पेंशन और अन्य समस्याओं के समाधान के लिए की गई है। भारतीय सेना ने इस कार्यक्रम के माध्यम से सैनिकों के कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
रुद्रपुर, संवाददाता। शनिवार को आर्मी स्टेशन हेड क्वार्टर हल्द्वानी में पूर्व सैनिक आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जिले के पूर्व सैनिकों, उनके परिजनों तथा वीर नारियों ने भागीदारी की। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्टेशन कमांडर कर्नल जितिन ढिल्लन ने की। उन्होंने ऊधम सिंह नगर के पूर्व सैनिकों को उनकी सामाजिक सहभागिता और उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में सूबेदार मेजर त्रिलोक सिंह नेगी(सेनि.), सूबेदार मेजर खड़क सिंह (सेनि.), धन सिंह, पूर्व नौ सैनिक गिरधर सिंह, सूबेदार मेजर लाल सिंह (सेनि.) तथा चीफ पेटी ऑफिसर प्रेम सिंह शामिल रहे। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी पीसी कोठारी ने बताया कि रक्षा मंत्रालय और भारतीय सेना द्वारा आयोजित यह पहल पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों की पेंशन एवं अन्य सेवानिवृत्ति संबंधी समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से की गई।
कार्यक्रम में ‘स्पर्श’ योजना, ईसीएचएस स्वास्थ्य सेवाओं तथा विभिन्न पुनर्वास योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई। यह विशेष जनसंपर्क अभियान भारत सरकार के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य पहाड़ी और दूरस्थ क्षेत्रों में निवास कर रहे पूर्व सैनिकों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करना है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना सदैव अपने सेवानिवृत्त सैनिकों के सम्मान और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध रही है और आगे भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


