स्कूटी सवार शिक्षिका की स्कूटी से टकराकर हाथी का दांत टूटा

हिन्दुस्तान, रुद्रपुर
Follow us on Google News
share

हिंद पब्लिक स्कूल की शिक्षिका स्कूल आते समय जगबुड़ा पुल के पास हाथी से टकराकर घायल हो गई। हाथी का दांत स्कूटी में फंस कर टूट गया। अचानक हुई इस घटना स

स्कूटी सवार शिक्षिका की स्कूटी से टकराकर हाथी का दांत टूटा

खटीमा, संवाददाता। टनकपुर हाईवे पर मंगलवार सुबह एक अजीबोगरीब हादसा हो गया। स्कूल जा रही एक शिक्षिका की स्कूटी अचानक सड़क पर आए हाथी से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाथी का एक दांत स्कूटी में फंसकर टूट गया। हादसे के बाद हाथी वापस जंगल की ओर भाग गया, जबकि घायल शिक्षिका को स्थानीय लोगों की मदद से निजी अस्पताल पहुंचाया गया। वन विभाग ने मौके से टूटा हुआ हाथी दांत बरामद कर अपने कब्जे में ले लिया है। जानकारी के अनुसार सैलानीगोठ टनकपुर निवासी निकिता राय खटीमा स्थित हिन्द पब्लिक स्कूल में शिक्षिका हैं। वह प्रतिदिन टनकपुर से स्कूटी से स्कूल आती हैं।

मंगलवार सुबह करीब सात बजे वह स्कूल के लिए निकली थीं। जगबुड़ा पुल पार करने के बाद चकरपुर के समीप जंगल वाले क्षेत्र में अचानक एक हाथी सड़क पर आ गया। शिक्षिका ने स्कूटी रोकने का प्रयास किया, लेकिन इससे पहले ही स्कूटी हाथी से टकरा गई। टक्कर लगते ही निकिता सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। निकिता ने बताया कि हादसे के दौरान हाथी का एक दांत स्कूटी के आगे लगे गार्ड में फंस गया। हाथी जब खुद को छुड़ाने लगा तो उसका दांत टूटकर सड़क पर गिर पड़ा। अचानक हुई घटना से हाथी भी घबरा गया और जिस दिशा से आया था, उसी ओर जंगल में लौट गया। इससे बड़ा हादसा टल गया और शिक्षिका की जान बच गई। घटना के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने घायल शिक्षिका को नगर के निजी चिकित्सालय पहुंचाया। हिन्द पब्लिक स्कूल के प्रबंधक नीरज खन्ना ने बताया कि शिक्षिका का एमआरआई कराया गया है। चिकित्सकों ने कमर में चोट बताई है और कुछ दिन आराम की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि शिक्षिका के पति रोहित कापड़ी हैदराबाद में नौकरी करते हैं, जिन्हें घटना की सूचना दे दी गई है। वन विभाग के रेंजर हरेंद्र बिष्ट ने बताया कि घटनास्थल से टूटा हाथी दांत सुरक्षित कब्जे में ले लिया गया है। क्षेत्र में हाथी की गतिविधियों को देखते हुए वन कर्मियों को गश्त पर लगाया गया है। मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार मुआवजे की कार्रवाई भी की जाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।