
खेत की तारबाड़ में छोड़े करंट से युवक की मौत
सितारगंज में जंगल से लकड़ी बीनकर लौटते समय दो युवक खेत की तारबाड़ में छोड़े गए बिजली के करंट की चपेट में आ गए। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों ने आरोपी किसान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सितारगंज, संवाददाता। जंगल से लकड़ी बीनकर लौट रहे दो युवक खेत की तारबाड़ में छोड़े गए बिजली के करंट की चपेट में आ गए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया। घायल को उप जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। शुक्रवार को ग्राम पण्डरी निवासी 35 वर्षीय एजाज पुत्र बन्ने और 40 वर्षीय शकील पुत्र मुन्ने जंगल में लकड़ी बीनने गए थे। शाम को बारिश होने पर दोनों जंगल के किनारे स्थित खेत के रास्ते घर लौट रहे थे। शकील के पुत्र फरमान ने बताया कि खेत के चारों ओर तारबाड़ की गई थी, जिसमें बिजली का करंट छोड़ा गया था।
खेत के पास पहुंचने से पहले उसके पिता असंतुलित होकर गिर पड़े, जबकि एजाज आगे बढ़ गए। इसी दौरान तार को छूने से एजाज को करंट लग गया। एजाज को बचाने के प्रयास में उसके पिता भी करंट की चपेट में आ गए। बेहोश होने से पहले उन्होंने उसे फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण व परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एजाज को मृत घोषित कर दिया। देर रात अस्पताल पहुंचे भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने आरोपी किसान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शनिवार को ग्रामीणों ने एसएसआई राजेन्द्र प्रसाद से मुलाकात की। एसएसआई ने बताया कि तहरीर मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




