दानपुर महोत्सव में कलाकारों ने बांधा समा
दानपुर महोत्सव का आयोजन शांतिपुरी में हुआ, जहां विधायक तिलकराज बेहड़ और सुरेश गड़िया ने दीप जलाकर शुभारंभ किया। कार्यक्रम में पहाड़ी कलाकारों ने दर्शकों का मन मोह लिया। विभिन्न क्षेत्रों में...

शांतिपुरी, संवाददाता। शांतिपुरी सत्संग आश्रम स्थित मां नंदा देवी मंदिर प्रांगण में रविवार को दानपुर समाज कल्याण सोसाइटी द्वारा आयोजित द्वितीय तराई भाबर मिलन एवं दानपुर महोत्सव का रंगारंग शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक तिलकराज बेहड़ एवं विधायक कपकोट सुरेश गड़िया ने दीप जलाकर किया। विधायक बेहड़ ने 300 मी. सड़क निर्माण की घोषणा के साथ ही दानपुर की जनता को इस शानदार आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। विधायक गड़िया ने लोगों से अपनी पैतृक देवभूमि में लौटकर स्वरोजगार के माध्यम से पहाड़ों को फिर से आबाद करने की अपील की। इस महोत्सव में जहां पहाड़ी उत्पादों के स्टॉल लोगों के मुख्य आकर्षण का केन्द्र रहे तो वहीं अपने पसंदीदा गायक कलाकारों को सुनने के लिए पांडाल में सैकड़ों की भीड़ उमड़ पड़ी। कार्यक्रम में जाने-माने पहाड़ी ढोल वादक मोहन राम और उनकी टीम ने मनमोहक छोलिया नृत्य के साथ अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम आयोजक भूपेन्द्र कोरंगा, देवेन्द्र कोरंगा, सुरेन्द्र कोरंगा व प्रधान चंद्रकला बिशन कोरंगा ने अतिथियों एवं कार्यक्रम में पहुंची जनता का अभिवादन किया।
कुमांऊ के इन कलाकारों ने मोहा दर्शकों का मन
दानपुर महोत्सव में कुमांऊभर के जाने-माने लोकगायक उस्ताद बिस्मिल्ला खां युवा पुरस्कार प्राप्त पूरन सिंह राठौर, कैलाश कुमार, ललित कपकोटी उर्फ बबलू, कुंदन कोरंगा, पुष्कर महर, बाल कलाकार रितु लोहिया एवं उभरते युवा लोकगायक कमल मेहरा के सुरीले गीतों पर दर्शक झूम उठे।
इन्हें किया दानपुर रत्न पुरस्कार से सम्मानित
दानपुर महोत्सव में कीवी मैन व खेती बागवानी के प्रगतिशील किसान भवान सिंह कोरंगा, पर्वतीय कास्तकार एवं बागवानी के महारथी नंदुली देवी, शिक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त दीवान सिंह दानू, दानपुर इतिहास के लेखक कमल सिंह कोरंगा, फुटबॉल के राष्ट्रीय खिलाड़ी रोहित दानू, अन्तरराष्ट्रीय दिव्यांग व्हील चेयर क्रिकेट कप्तान धन सिंह कोरंगा, ऐजा मेरा दानपुरा संगीत के गायक प्रह्लाद मेहरा, कुमांऊ के जाने-माने ढोलवादक हर राम, समाजसेवी शैलेन्द्र दानू व लोक गायक प्रह्लाद मेहरा की पत्नी समाजसेवी ममता मेहरा को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें दानपुर रत्न पुरस्कार से नवाजा गया।
इन उत्पादों की हुई सर्वाधिक बिक्री
दानपुर महोत्सव में ऑर्गेनिक मंडुवे का आटा, गहत की दाल, कीवी का जूस, बुरांस का जूस, पहाड़ी नीबू, हस्त निर्मित ऊनी वस्त्र, डेयरी उत्पाद एवं मिठाइयां, सुगंधित प्राकृतिक धूप एवं ककड़ी व पेठे की बड़ियां लोगों ने जमकर खरीदीं।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
प्रधान संघ अध्यक्ष दीपा ललित कांडपाल, भूपेंद्र कोरंगा, मोहन राम ढोली, पूर्व जिलापंचायत सदस्य विनोद कोरंगा, बिशन सिंह कोरंगा, नारायण सिंह कोरंगा, सैनिक संगठन अध्यक्ष दिगंबर प्रसाद जोशी, देवेंद्र सिंह कोरंगा, कल्याण सिंह रौतेला, समाजसेवी रीना आर्या, पूर्व प्रधान नारायणी कोरंगा, खड़क सिंह कार्की मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।