एसटीएफ ने 24.70 लाख की ठगी के आरोपी को दबोचा

Mar 01, 2026 06:35 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रुद्रपुर
share Share
Follow Us on

रुद्रपुर के युवक से 24.70 लाख की साइबर ठगी करने वाले आरोपी को एसटीएफ और साइबर क्राइम थाना पंतनगर पुलिस ने गदरपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग का लालच देकर ठगी की थी। उसके पास से कई बैंक दस्तावेज और नकदी बरामद हुई है।

एसटीएफ ने 24.70 लाख की ठगी के आरोपी को दबोचा

रुद्रपुर, संवाददाता। रुद्रपुर निवासी युवक से 24.70 लाख की साइबर ठगी करने वाले आरोपी को एसटीएफ और साइबर क्राइम थाना पंतनगर पुलिस ने गदरपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग का लालच देकर ठगी की थी। उसके पास से दो मोबाइल फोन, सिम कार्ड, डेबिट कार्ड, आधार-पैन कार्ड, विभिन्न बैंकों की पासबुक, चेकबुक और नकदी बरामद हुई है। रविवार को मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि रुद्रपुर निवासी युवक ने दिसंबर 2025 में साइबर क्राइम थाना पंतनगर में तहरीर देकर बताया था कि अक्तूबर से दिसंबर 2025 के बीच उसके व्हाट्सएप पर ऑनलाइन ट्रेडिंग से जुड़े संदेश भेजे गए।

खुद को एक कथित कंपनी का प्रतिनिधि बताकर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा दिया गया। साइबर अपराधियों ने उसे कई व्हाट्सएप ग्रुपों में जोड़ा, जहां पहले से मौजूद लोग फर्जी स्क्रीनशॉट के माध्यम से भारी लाभ दिखा रहे थे। लालच में आकर उसने अलग-अलग बैंक खातों में करीब 24.70 लाख रुपये जमा कर दिए। आरोपी तक पहुंचने के लिए घटना में प्रयुक्त बैंक खातों, पंजीकृत मोबाइल नंबरों, व्हाट्सएप, गूगल और फर्जी वेबसाइटों की जानकारी संबंधित बैंकों, सेवा प्रदाता कंपनियों, गूगल और मेटा कंपनी से पत्राचार कर प्राप्त की गई। तकनीकी जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी के बैंक खातों में मात्र चार से पांच महीनों में करोड़ों रुपये का लेनदेन हुआ है। ठगी की रकम विभिन्न खातों में घुमाकर तुरंत ट्रांसफर कर दी जाती थी, ताकि पुलिस ट्रेस न कर सके। इन खातों के खिलाफ देश के कई राज्यों में साइबर अपराध की शिकायतें दर्ज हैं। डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी मलकीत सिंह निवासी बमनपुरी बकेनिया, गदरपुर को शनिवार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।