रुद्रपुर। हमारे संवाददाता
राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी ने तिरंगा यात्रा निकालकर 135 वां स्थापना दिवस मनाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पार्टी के संस्थापकों को याद किया। साथ ही देश की आजादी में कांग्रेस के योगदान को लेकर भी लोगों को बताया। इसके अलावा पार्टी को मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से संगठित होने और जनता की समस्याओं को लेकर संघर्ष करने आह्वान किया।
सोमवार को पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तिलकराज बेहड़ और महानगर कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश तनेजा के नेतृत्व में कार्यकर्ता भगत सिंह चौक पर एकत्रित हुए। यहां से उन्होंने हाथों में तिरंगा झंडा लेकर यात्रा निकाली। जो गल्ला मंडी, पांच मंदिर मुख्य मार्ग और मुख्य बाजार से होते हुए गांधी पार्क पर आकर समाप्त हुई। इस दौरान बेहड़ ने कहा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी देश की सबसे पुरानी पार्टी है। जिसको कांग्रेस के प्रत्येक कार्यकर्ता ने अपनी लगन और मेहनत से सींचा है। कांग्रेस पार्टी एक राजनीतिक पार्टी ही नहीं, बल्कि एक विचारधारा है। जिसने देश के विकास में अहम योगदान दिया है। हमेशा राष्ट्रहित में धार्मिक सोहार्द व एकता को कायम रखते हुए देश को आगे बढ़ाने का कार्य किया है। आज कुछ ऐसे राजनीतिक दल के हाथों में सरकार आ गई है जो धर्म व जाति के नाम पर देश को आपस में लड़ाने का कार्य कर रही है। देश में किसान मजदूर व व्यापारी हर वर्ग परेशान है और जनता फिर से कांग्रेस के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की स्थापना 28 दिसंबर 1885 में गई थी। देश की आजादी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और और पार्टी के सैकड़ों लोगों ने अपनी शहादत देकर इस देश को आजाद कराया। जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। यहां वरिष्ठ नेता अमरनाथ जैन, रामस्वरूप भारती, सुक्खा सिंह, पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा, पूर्व मंडी समिति अध्यक्ष अरुण पांडे, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश पंत, राजीव कामरा, साबिर अहमद, पार्षद मोहन खेड़ा, सुरेश गौरी, सचिन मुंजाल, सौरव शर्मा, प्रदेश सचिव नंदलाल, परिमल राय, मोनू निषाद, विजय यादव, रामदयाल सिंह, बाबू खान, चंद्रशेखर डब्ल्यू, नंद शेखर गांगुली रहे।