फर्नीचर की दुकान में काम करता मिला किशोर, दुकान मालिक पर मुकदमा दर्ज
खटीमा में बाल श्रम उन्मूलन के तहत लेबर कैंपेन 3.0 के तहत छापेमारी में 16 वर्षीय किशोर को एक फर्नीचर की दुकान में कार्य करते हुए पकड़ा गया। दुकान के मालिक के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी गई है। अभियान के दौरान श्रम प्रवर्तन विभाग और अन्य संस्थाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

खटीमा, संवाददाता। बाल श्रम उन्मूलन के तहत चल रहे लेबर कैंपेन 3.0 अभियान में श्रम प्रवर्तन विभाग की टीम ने सोमवार को नगर क्षेत्र में छापेमारी कर एक प्रतिष्ठान में 16 वर्षीय किशोर को कार्य करते हुए पकड़ा। मामले में दुकान स्वामी के खिलाफ पुलिस में नामजद तहरीर दी गई है। राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी (लेबर कैंपेन 3.0) एवं सहायक श्रम आयुक्त ऊधमसिंह नगर के निर्देश पर जिला बाल श्रम टास्क फोर्स द्वारा बाल/किशोर श्रम चिन्हिकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। श्रम प्रवर्तन अधिकारी मीनाक्षी भट्ट के नेतृत्व में टीम ने पीलीभीत स्थित फर्नीचर की दुकान में छापा मारा, जहां एक किशोर लकड़ी का कार्य करता मिला।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने दुकान स्वामी आरिफ के खिलाफ बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियम) अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर सौंपी। कोतवाल विजेन्द्र शाह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अभियान के दौरान पुलिस विभाग से परवीनवती, चाइल्ड हेल्प लाइन से निकिता राना व रेखा अधिकारी तथा एनजीओ आईएसडी से संगीता गुप्ता व उवेश खान आदि मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


