Rudrapur News: स्कूल छोड़ चुके बच्चों को करियर और शिक्षा के विकल्पों की दी जानकारी
Rudrapur News: रुद्रपुर में जिला प्रशासन के निर्देश पर एक प्रेरणा संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें स्कूल छोड़ चुके बच्चों को करियर मार्गदर्शन दिया गया। इसमें शिक्षा, कौशल विकास और भविष्य के विकल्पों पर चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने उच्च शिक्षा और मानसिक स्वास्थ्य पर भी जानकारी साझा की।

Rudrapur News: रुद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देश पर गुरुवार को राजकीय संप्रेक्षण गृह के सभागार में स्कूल छोड़ चुके बच्चों के लिए करियर मार्गदर्शन व प्रेरणा संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें कक्षा आठवीं-नौवीं के बीच पढ़ाई छोड़ने वाले बच्चों को शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और भविष्य के करियर विकल्पों की जानकारी दी गई। अमित जोशी ने जर्मनी और जापान में बीएससी नर्सिंग सहित उच्च शिक्षा व रोजगार के अवसरों की जानकारी दी। संकल्प फाउंडेशन के अमित पांडे ने नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओपन स्कूलिंग के माध्यम से पांचवीं, आठवीं, दसवीं और 12वीं की शिक्षा पूरी करने के विकल्प बताए। इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल डेवलपमेंट की परियोजना निदेशक बिंदु वासिनी ने तनाव और मानसिक दबाव से बचने, कमियों को पहचानकर सुधार करने और सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया।
जिला प्रोबेशन अधिकारी व्योमा जैन ने महिला कल्याण व बाल विकास विभाग की योजनाओं की जानकारी देते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के बारे में बताया। बाल कल्याण समिति सदस्य गौरव तागरा ने बच्चों की समस्याएं सुनीं। जिला सेवायोजन अधिकारी राजेश दुर्गापाल, अपर सांख्यिकी अधिकारी उमेश कुमार, अमित जोगी समेत अन्य कर्मचारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।


