ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंड रुद्रपुरनामजद आरोपियों की गिरफ्तारी को महिलाओं ने घेरा थाना

नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी को महिलाओं ने घेरा थाना

सेना के जवान की मौत को हत्या बताते हुए सैकड़ों महिलाओं ने शनिवार को थाना घेर दिया। महिलाओं ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हत्या के मुकदमे में दर्ज नामजदों को गिरफ्तार करने की मांग दोहराई।...

नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी को महिलाओं ने घेरा थाना
हिन्दुस्तान टीम,रुद्रपुरSat, 24 Jun 2017 07:12 PM
ऐप पर पढ़ें

सेना के जवान की मौत को हत्या बताते हुए सैकड़ों महिलाओं ने शनिवार को थाना घेर दिया। महिलाओं ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हत्या के मुकदमे में दर्ज नामजदों को गिरफ्तार करने की मांग दोहराई। महिलाओं की पुलिस के साथ धक्का मुक्की भी होती रही। भीड़ के आक्रोश को देखकर सितारगंज व खटीमा थाने से भी अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंच गई। अपर पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पिंचा, सीओ हरीश मेहरा ने लोगों के साथ कई दौर की वार्ता भी की। सड़ानिवासी निवासी सेना के जवान महेन्द्र सिंह जेठी का शव सड़क के किनारे मिला था। पुलिस ने प्राथमिक जांच कर इसे सड़क हादसा बताया। पुलिस ने परिजनों को बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत की वजह शरीर के भीतर पार्ट्स फटने व चोट मौत बताई गई है। इधर परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए ग्रामीणों के साथ थाने का घेराव किया था। बाद में पुलिस ने मृतक के भाई पुष्कर सिंह की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर दिया था। पुलिस ने नामजद लोगों से पूछताछ के बाद इसे दुर्घटना होने की जानकारी परिजनों को दी। एसओजी की जांच में आये तथ्य भी परिजनों को बताए लेकिन परिजन नहीं माने। शनिवार को ट्रैक्टर ट्रालियों में भरकर सैकड़ों महिलाओं ने थाने का घेराव कर दिया। मृतक की पत्नी कमला और मां खिमुली देवी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। करीब ढाई घंटे तक चले हंगामे के बाद एएसपी ने कहा कि यदि परिजन जांच से संतुष्ट नहीं है तो किसी अन्य एजेंसी से जांच करा सकते हैं। इसके लिए वह प्रार्थना पत्र दें। दोपहर 1.50 बजे ग्रामीणों ने कोतवाली में धरना समाप्त कर दिया। परिजनों ने पुलिस अधिकारियों को कहा कि वह सीबीसीआईडी जांच के लिए प्रार्थना पत्र देंगे। इधर, पुलिस ने एक आरोपी पुष्कर चन्द को दुर्घटना में साक्ष्य छिपाने के आरोप में धारा 201, 202 में चालान किया है। सैनिक महेन्द्र सिंह की मौत में हत्या का कोई प्रमाण नहीं मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के सभी पहलुओं से परिजनों को अवगत कराया गया है। परिजन सीबीसीआडी जांच चाहेंगे तो उनके प्रार्थना पत्र को संस्तुति के साथ शासन को भेजा जाएगा। देवेन्द्र पिंचा, अपर पुलिस अधीक्षक, ऊधम सिंह नगर

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें